हाईटेंशन तार गिरने से झोपड़ियों को लगी आग
बरनाला बाईपास से तहसील को जाती सड़क पर स्थित बाजीगर बस्ती की झोपड़ियों पर हाई वोल्टेज तार गिरने से आग लग गई।
जेएनएन, रायकोट : बरनाला बाईपास से तहसील को जाती सड़क पर स्थित बाजीगर बस्ती की झोपड़ियों पर हाई वोल्टेज तार गिरने से आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि वहा बनी करीब 10 झोपड़िया जलकर राख हो गई। यह घटना वीरवार देर रात करीब 2.30 बजे की है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तार गिरने के बाद एक बड़ा धमाका हुआ और झोपड़ियों को आग लगने पर बड़ी-बड़ी लपटें उठनी शुरू हो गई। तुरंत पुलिस थाने में सूचित किया गया। सिटी इंचार्ज रणजीत सिंह पुलिस बल लेकर पहुंचे और जगराओं कंट्रोल रूम में भी सूचित कर दिया। आसपास स्थित घरों से लोग भी सहायता के लिए मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड भी जगराओं से तकरीबन 25 मिनट में रायकोट पहुंच गई। सभी लोगों की मदद से आग को बुझाया जा सका।
एसएचओ रणजीत सिंह ने बताया कि जलती हुई झोपड़ियों में से छोटे-छोटे बच्चों और बुजुर्ग महिलाओं को निकाल पाना बड़ा जोखिम भरा काम था। पर लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए इन गरीब लोगों की मदद की। गनीमत रही कि यह आग झोपड़ियों के पीछे वेरका मिल्क प्लाट तक नहीं पहुंची, नहीं तो और बड़ा हादसा हो सकता था। सुबह मौके पर जायजा लेने के लिए शहर के एसडीएम हिमाशु गुप्ता, डॉ. अमर सिंह पहुंचे और पीड़ित लोगों को सरकारी मदद का भरोसा दिया।