FASTag: टोल प्लाजा पर कैश लेन में लग रहा जाम, कुछ वाहनों के फास्टैग नहीं हो पाए स्कैन Ludhiana News
टोल प्लाजा पर कैश लेन की संख्या घटाकर फास्टैग लेन बढ़ा दी गई। टोल प्लाजा की दोनों तरफ कुल 22 लेन में से 16 को फास्टैग और 6 को कैश लेन में तबदील कर दिया गया है।
लुधियाना, जेएनएन। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने 15 दिसंबर से पूरे देश में राष्ट्रीय राजमार्गो पर टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य कर दिया। पहले ही दिन इसका असर पूरे प्रदेश की तरह लाडोवाल टोल प्लाजा पर भी देखने को मिला। टोल प्लाजा पर शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि से ही कैश लेन की संख्या घटाकर फास्टैग लेन बढ़ा दी गई। टोल प्लाजा की दोनों तरफ कुल 22 लेन में से 16 को फास्टैग और 6 को कैश लेन में तबदील कर दिया गया। इस कारण टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई और लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
सुबह करीब नौ बजे तक तो ट्रैफिक बिना किसी बाधा के गुजरता रहा, लेकिन इसके बाद ट्रैफिक का बोझ एक दम बढ़ जाने से लोगों को जाम की समस्या से दो चार होना पड़ा। दिन के समय एक बार तो ऐसी स्थिति आई जब टोल प्लाजा के दोनों तरफ एक-एक किलोमीटर तक जाम लग गया। स्थिति को सामान्य करने के लिए टोल प्लाजा पर फास्टैग की कुछ लाइनों को कैश लेन में तबदील कर जाम पर काबू पाने की कोशिश की गई। हालाकि इससे स्थिति कुछ हद तक दुरुस्त हुई, लेकिन दिन भर वाहन चालक जाम से जूझते रहे।
फास्टैग लिंक न होने की वजह से आई दिक्कत, टोल मैनेजर से उलझे लोग
कई वाहनों पर फास्टैग लगे थे, लेकिन जब वह काउंटर पर पहुंचे तो उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया गया कि उनके फास्टैग लिंक नहीं हैं, जिसके बाद वह टोल मैनेजर के पास पहुंचे। नौबत नोक-झोंक तक भी पहुंची, लेकिन टोल मैनेजर ने भी साफ कर दिया कि जब तक उनके सिस्टम में अपडेट नहीं होता तब तक उन्हें नहीं जाने दिया जाएगा।
कई वाहनों के फास्टैग नहीं हो पाए स्कैन
कुछ वाहनों पर लगे फास्टैग को टोल प्लाजा का सिस्टम स्कैन नहीं कर पाया। टोल प्लाजा पर फंसे लवनीश लांबा ने बताया कि उनके पेटीएम में पैसे भी थे फिर भी फास्टैग एक्टिवेट नहीं किया गया। वह दो घंटे से लाइन में लगे रहे, जबकि वीके आनंद ने कहा कि उनके फास्टैग पर स्क्रैच पड़ गए थे जिसकी वजह से उनका फास्टैग काम नहीं कर रहा था। उन्हें भी टोल प्लाजा पर फास्टैग लेन में रोक लिया गया।
टोल प्लाजा पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
टोल प्लाजा प्रबंधन द्वारा रविवार को सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए। करीब पचास से अधिक निजी सुरक्षा कर्मी और दो दर्जन के करीब पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। पुलिस कर्मी तैनात होने की वजह से पूरे दिन शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।
फास्टैग के लिए बैंकों और कंपनियों ने लगाए काउंटर
लाडोवाल टोल प्लाजा के पास फास्टैग लगाने के लिए एनएचएआइ के अलावा प्राइवेट बैंकों व अन्य कंपनियों ने काउंटर लगाए। यहां पर वाहनों चालकों की भीड़ लगी रही। कई वाहन चालक मौके पर ही फास्टैग लगवाकर जाम में फंसने से बच गए। फास्टैग लगा रहे बैंक और अन्य कंपनियों के कर्मचारियों ने बताया कि टोल प्लाजा के पास फास्टैग लगाने की प्रक्रिया अभी जारी रहेगी।
200 वाहन चालकों को देना पड़ा दोगुना चार्ज
टोल प्लाजा अधिकारियों के अनुसार बिना फास्टैग लगे कई वाहन चालक अपने वाहन फास्टैग वाली लेन में ले आए। इस कारण इस लेन में भी जाम जैसी स्थिति बन गई। नियमों के उल्लंघन पर इस लेन में लगे करीब 200 वाहन चालकों से दो गुना चार्ज वसूल किया गया। इसके बाद ऐसे वाहनों को इस लेन में आने से रोकने के लिए टोल प्लाजा कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया।
15 जनवरी से केवल एक ही कैश लेन होगी
डीजीएम टोल ऑपरेशन निमिश तिवारी ने कहा कि 15 दिसंबर से टोल प्लाजा पर कैश के लिए एक लेन रखी जानी थी। शनिवार देर शाम आदेश मिले थे कि एक माह तक टोल प्लाजा पर 25 फीसद लेन कैश पर रखी जाएं। वाहन चालकों को फास्टैग लेने के लिए एक महीने का और समय दिया गया है, जिसके बाद दोनों तरफ तीन-तीन कैश लेन रखी गईं। जाम ज्यादा होने की वजह से बीच बीच में फास्टैग लेन से भी वाहनों को निकाला गया। अब नए आदेशों के अनुसार एक महीने बाद 15 जनवरी से केवल एक ही कैश लेन रहेगी। बिना फास्टैग वाहनों को फास्टैग लेन में आने पर दोगुना चार्ज देना होगा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें