कैबिनेट मंत्री आशु के आवास के बाहर किसानों का धरना, बोले- कैप्टन सरकार ने नहीं निभाया वादा
धरने के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि मंत्री घर पर नही थे और उनकी पत्नी ममता आशु ने किसानों का मांग पत्र लिया।
लुधियाना, जेएनएन। किरती किसान यूनियन इकाई लुधियाना की तरफ से बुधवार को कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु के आवास के सामने धरना लगाया गया। जगराओं से करीब 30 से 40 किसान अलग अलग वाहनों में आशु के घर के बाहर पहुंचे। धरने के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि मंत्री घर पर नही थे और उनकी पत्नी ममता आशु ने किसानों का मांग पत्र लिया।
इस मौके पर जिला प्रधान तिरलोचन सिंह झरोड़ा, महासचिव साधु सिंह अच्छवाल ने बताया कि पंजाब की कैप्टन सरकार ने चुनावों के समय किसानों का पूरा कर्जा माफ करने को कहा था। लेकिन, जब सरकार ने सत्ता संभाली तो उसके बाद अपने वादे से पीछे हट गई। अब सरकार पांच एकड़ वाले किसानों के दो लाख रुपये का कर्जा माफ करने की बात कर रही है। लेकिन पांच एकड़ वाले किसानों का भी दो लाख तक का कर्ज माफ नही हो रहा है। किसी किसान का बीस हजार रुपये माफ किया तो किसी का पचास हजार रुपये का कर्ज माफ किया।
धरने के दौरान नारेबाजी करते किरती किसान यूनियन के सदस्य।
किसान लगा रहे अफसरों के चक्कर, नहीं हो रही सुनवाई
उन्होंने कहा कि करीब 75 प्रतिशत किसानों का एक रुपये का कर्जा भी माफ नही किया है। किसान कर्जा माफ करवाने के लिए अफसरों के दफ्तरों में चक्कर लगा रहे हैं। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। बेबस किसान आर्थिक तंगी की वजह से आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें