विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गमाडा मनी लॉन्ड्रिंग: पंजाब मंत्री मुंडियां के भांजे के घर पर ED की रेड, पंचकूला-लुधियाना सहित 26 जगहों पर छापामारी

By Rohit KumarEdited By: Prince Sharma
Published: Wed, 23 Sep 2026 06:16 PM (IST)

ईडी ने गमाडा से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पंजाब के शहरी आवास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भांजे अनमोल उर्फ प्रिंस के लुधियाना स्थित घर पर तलाशी ली।

ईडी ने 26 स्थानों पर की छापामारी (प्रतीकात्मक फोटो)

ईडी ने 26 स्थानों पर की छापामारी (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. ईडी ने मंत्री मुंडियां के भांजे अनमोल के घर तलाशी ली

  2. यह कार्रवाई गमाडा से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले का हिस्सा है

  3. जांच में 100 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लाभ का आरोप

रोहित कुमार, चंडीगढ़। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) में मंगलवार से चल रही एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) की कार्रवाई बुधवार को लुधियाना तक पहुंच गई।

ईडी की टीमों ने पंजाब के शहरी आवास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भांजे अनमोल उर्फ प्रिंस के लुधियाना स्थित घर पर तलाशी शुरू की।

अनमोल के ठिकाने पर चल रही कार्रवाई को जीएमएडीए से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चल रही जांच का हिस्सा बताया जा रहा है। मुंडियां के पास शहरी आवास विभाग है और गमाडा इसी विभाग के अधीन आता है।

इसी मामले में चंडीगढ़ स्थित पंजाब के वरिष्ठ आइएएस अधिकारी और जीएमएडीए के पूर्व चीफ एडमिनिस्ट्रेटर राजीव गुप्ता के आवास पर भी ईडी की कार्रवाई जारी है।

26 ठिकानों पर सर्च और सर्वे

मंगलवार सुबह शुरू हुई जांच के तहत ईडी की टीमें दिल्ली, चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और लुधियाना में कुल 26 ठिकानों पर सर्च और सर्वे कर रही हैं।

मोहाली के फेज-8 स्थित पुडा भवन में ईडी की टीमें रातभर दस्तावेज और रिकार्ड खंगालती रहीं। गमाडा मुख्यालय के कुछ हिस्सों को जांच एजेंसी की ओर से सील किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान जीएमएडीए से संबंधित दस्तावेजों और अन्य रिकार्ड की जांच की जा रही है।

100 करोड़ रुपये से संदिग्ध लाभ

ईडी की जांच का केंद्र तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स और उससे जुड़ी कंपनियों को गमाडा की दो प्रमुख नीलामी साइटों से संबंधित मामले में दी गई कथित वित्तीय राहत है। एजेंसी के अनुसार, इस मामले में कंपनियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक का संदिग्ध लाभ पहुंचने और सरकारी खजाने को नुकसान होने की आशंका है।

ईडी की कार्रवाई के बाद पंजाब में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा नेताओं की ओर से आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं।