लुधियाना में नशे में धुत्त चालक पुलिस काे देख ट्रैक्टर-ट्राली समेत हुआ फरार, अाराेपित के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस का नाका देखते ही आरोपित ने अपना ट्रैक्टर ट्राली भगा लिया और फरार हो गया। रघुबीर सिंह ने कहा कि तड़के 2.30 बजे का टाइम था। आरोपित शराब के नशे में था। वह ट्रैक्टर-ट्राली समेत अपने घर में घुस गया और अंदर से लॉक लगा लिया।
लुधियाना, जेएनएन। अकसर देखने सुनने को आता है कि पुलिस का नाका देख रेत माफिया का आदमी ट्रैक्टर-ट्राली छोड़ कर फरार हुआ। हो भी क्यों न, पुलिस की गाड़ियों जैसी उसके वाहन की स्पीड कहां होती है। मगर इस बार हैरत अंगेज बात सुनने को मिली। पुलिस का नाका देख रेत माफिया ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गया। वो भी पुलिस की गाड़ियों को चकमा देकर।
बात हजम होने वाली नहीं है। मगर थाना कूमकलां पुलिस का तो यही कहना है। एएसआइ रघुवीर सिंह कहते हैं कि वह पुलिस की टीम के साथ गांव रतनगढ़ में थे। उन्हें सूचना मिली थी कि गांव चौंता निवासी गुरजीत सिंह रेत चोरी करके बेचने का काम करता है। आज भी वह ट्रैक्टर-ट्राली में रेत लोड करके गांव गोपालपुर से ढोलनवाल की और जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने गांव मंड चौंता के टी-प्वाइंट पर नाकाबंदी कर ली।
मगर पुलिस का नाका देखते ही आरोपित ने अपना ट्रैक्टर ट्राली भगा लिया और फरार हो गया। रघुबीर सिंह ने कहा कि तड़के 2.30 बजे का टाइम था। आरोपित शराब के नशे में था। वह ट्रैक्टर-ट्राली समेत अपने घर में घुस गया और अंदर से लॉक लगा लिया। काफी प्रयास के बावजूद भी उसने गेेट नहीं खोला। उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी देने के बाद केस दर्ज कर लिया है। जल्दी ही उसे काबू कर लिया जाएगा।