लुधियाना पुलिस ने नशा तस्करों पर कसा शिकंजा, हेरोइन, चूरापोस्त व शराब के साथ चार लोगों को किया गिरफ्तार
लुधियाना पुलिस ने हेरोइन चूरापोस्त व शराब के साथ चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ 4 केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी हैं। पहले मामले में पुलिस ने 100 ग्राम हेरोइन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
जासं, लुधियाना। नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी मुहिम के अंर्तगत बीते चौबीस घंटों के दौरान पुलिस ने विभिन्न जगहों पर कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से हेरोइन, चूरापोस्त तथा शराब बरामद की गई। आरोपितों के खिलाफ 4 केस दर्ज करके पुलिस की टीमें छानबीन कर रही हैं। पुलिस की सीआइए-1 टीम ने 100 ग्राम हेराेइन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है।
एएसआइ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान गांव दाद निवासी बलविंदर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने पखोवाल रोड के गांव दाद इलाके में नाकाबंदी करके उसे तब काबू किया, जब वो अपने ग्राहकों को डिलीवरी देने के लिए जा रहा था। पुलिस की सीआइए-2 टीम ने गऊशाला रोड स्थित स्टार सिटी कालोनी के टी प्वाइंट पर की गई नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को 30 ग्राम हेराेइन के साथ गिरफ्तार किया। एएसआइ जसविंदर सिंह ने बताया कि उसकी पहचान टिब्बा रोड के गोपाल नगर की गली नंबर 2 निवासी करणजीत सिंह के रूप में हुई। उसक खिलाफ थाना टिब्बा में केस दर्ज किया गया।
थाना साहनेवाल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव ग्यासपुरा में दबिश देकर एक व्यक्ति को 10 किलो चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया। एएसआइ हरजिंदर कौर ने बताया कि उसकी पहचान गांव ग्यासपुरा निवासी राजपाल सिंह के रूप में हुई।
थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने ढोलेवाल पुल स्थित हीरा मार्केट के पास की गई नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को 12 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार किया। एएसआइ सतिंदरपाल सिंह ने बताया कि उसकी पहचान आरके रोड स्थित बिहारी कालोनी निवासी लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें- पंजाब में चंडीगढ़ से सस्ती शराब, शहर के कारोबारी बोले- एक पेटी पर 2 से 3 हजार रुपये का फर्क, बिक्री भी हुई कम