फर्जी रजिस्ट्री तैयार करके कुनाल अस्पताल के डॉक्टर ने एनआरआइ की प्रापर्टी अपने नाम करवाई
कृष्णा देवी ने बताया कि धुरी लाइन स्थित न्यू करतार नगर की गली नंबर 8 में उसकी प्रापर्टी है। 2011 में आरोपित राजिंदर मनी पाल ने अस्पताल के लिए एक लाख रुपये महीना किराये पर ली थी।
लुधियाना, जेएनएन। धुरी लाइन स्थित न्यू करतार नगर में कुनाल अस्पताल चलाने वाले डॉक्टर ने नकली रजिस्ट्री तैयार करके करोड़ों की प्रापर्टी अपने नाम पर करवा ली। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एएसआइ दलजीत सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान धुरी लाइन स्थित न्यू करतार नगर निवासी डॉक्टर राजिंदर मनी पाल तथा उसके साथी धरमिंदर मंडल के रूप में हुई।
पुलिस ने उक्त केस माॅडल टाउन निवासी एनआरआइ महिला कृष्णा देवी की शिकायत पर दर्ज किया गया। अक्टूबर 2018 में पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में कृष्णा देवी ने बताया कि धुरी लाइन स्थित न्यू करतार नगर की गली नंबर 8 में उसकी 591 वर्ग गज की प्रापर्टी है।
2011 में आरोपित राजिंदर मनी पाल ने अस्पताल के लिए एक लाख रुपये महीना किराए पर ली थी। कुनाल अस्पताल के लिए तैयार की गई रेंट डील में तय हुआ था कि वो हर महीने एडवांस में किराया देगा। उसने एक साल तक सही तरीके से किराया दिया। दिसंबर 2012 में उसने एक लाख रुपये का चेक दिया। जो बैंक में बाउंस हो गया। बाद में आरोपित ने महिला को कई चेक दिए, मगर वह सब बैंक में बाउंस होते चले गए। जिस पर महिला ने सभी चेक अदालत में लगाकर केस दायर कर दिया।
बाद में कृष्णा देवी को पता चला कि आरोपित ने धरमिंदर मंडल के साथ मिलकर उसकी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार किए। उन पर कृष्णा देवी के फर्जी हस्ताक्षर करके फर्जी रजिस्ट्री अपने नाम पर करा ली। जांच के दौरान आरोपितों के खिलाफ आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।