शहर में बढ़ रहे काेराेना के केसाें के चलते प्रशासन की सख्ती, फील्डगंज माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित
जिले में कोरोना वायरस के मरीज तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने सोमवार को फील्डगंज को भी माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।
लुधियाना, जेएनएन। जिले में कोरोना वायरस के मरीज तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। शहर में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या अब 1104 हो गई है। ऐसे में शहर में माइक्रो कंटेनमेंट जोन की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जून में जहां शहर में आठ माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए थे। वहीं, जुलाई में चार नए माइक्रो कंटेनमेंट बन गए हैं। जिला प्रशासन ने सोमवार को फील्डगंज को भी माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। फील्डगंज में नौ लोग पॉजिटिव आएं हैं।
इसके अलावा राजीव गांधी कॉलोनी फोकल प्वाइंट, लेबर कॉलोनी गोशाला रोड, सन सिटी अमलोह रोड खन्ना को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। सन सिटी खन्ना में सात लोग पॉजिटिव आए हैं। लेबर कॉलोनी गोशाला रोड में नौ लोग पॉजिटिव आए हैं, जबकि राजीव गांधी कॉलोनी फोकल प्वाइंट में छह लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
प्रेम नगर कंटेनमेंट जोन से बाहर
प्रेम नगर को कंटेनमेंट जोन की सूची से निकाल लिया गया है। सेहत विभाग की ओर से 14 जून को प्रेम नगर को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए इलाके को सील किया गया था। उसके बाद विभाग की टीमों ने डोर टू डोर सर्वे व सैंपलिंग करके इलाके में कोरोना संक्रमितों को ढूंढ़ा। जून में प्रेम नगर में करीब 90 से अधिक लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। लेकिन जुलाई में इलाके से कोरोना पॉजिटिव मामले नहीं आए। ऐसे में 23 दिन बाद प्रेम नगर को कंटेनमेंट जोन की सूची से निकाल दिया गया है।
इससे पहले 27 जून को छावनी मोहल्ला को भी कंटेनमेंट जोन की सूची से बाहर किया गया था। अब हबीबगंज, सेंसी मोहल्ला व इस्लामगंज और अशोक नगर सलेम टाबरी कंटेनमेंट जोन रह गए हैं। हबीबगंज व सेंसी मोहल्ला को 15 जून को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था, जबकि अशोक नगर को 2 जुलाइ को घोषित किया गया था।