जन्म लेना भाग्य, मृत्यु होना समय और लोगों के दिलों पर राज करना कर्मो की बात
श्री ज्योति प्रभा म. की सुशिष्या साध्वी सुगंध म. ने फरमाया कि संसार में कभी स्वप्न पूरे नहीं होते।
संस, लुधियाना : एसएस जैन स्थानक सिविल लाइंस प्रांगण में ओजस्वी वक्ता गुरुदेव अचल मुनि म. ठाणे-5 के सान्निध्य में महासाध्वी श्री ज्योति प्रभा म. की सुशिष्या साध्वी सुगंध म. ने फरमाया कि संसार में कभी स्वप्न पूरे नहीं होते। उनके लिए अपने कदम आगे बढ़ाने पड़ते है। जन्म लेना भाग्य की बात है। मृत्यु होना समय की बात है, पर लोगों के दिलों पर राज करना ये अपने हाथ की व कर्मो की बात है। उन्होंने कहा कि हम आयु को तो बढ़ा नहीं सकते, लेकिन आयु को सजा तो सकते है। कभी अपनी सोच छोटी मर करना, क्योंकि घटिया सोच और पांव की मोच इंसान को आगे बढ़ने नहीं देती। जीवन में दृढ़ता रखो, क्योंकि कायरता मृत्यु के समान है, अगर हमारे अंदर दृढ़ता है। तो हम सफल हो जाएंगे। जीवन एक चुनौती है। इस चुनौती का सामना करें। कभी चुनौतियों से घबराएं नहीं।
उन्होंने कहा कि जीवन एक सफर है। इसे हंसकर मुस्कराते हुए पूरा करें। इस सफर को आनंद के साथ व शानो शौकत के साथ पूरा करें। दुनिया में रोते-रोते जन्म लिया व रोते रोते चले गए तो फिर क्या प्राप्त किया। शीतल मुनि ने कहा कि कभी विपरीत परिस्थितियों से घबराएं नहीं। खुशनसीब वो नहीं जिसका नसीब अच्छा है, बल्कि खुशनसीब तो वो है जो अपने नसीब से खुश है। रोजाना अपने भाग्य को सराहना चाहिए। वहीं अतिशय मुनि, अखिल मुनि, निखिल मुनि ने श्रद्धालुओं को धर्म का पाठ सिखाया। ऊपर वाले की नाम पर धरती को नरक बना रहे नीचे वाले
साध्वी सुगंध ने कहा कि तुमने सुना होगा कि ईश्वर की मर्जी के बिना एक पत्ता भी नहीं हिलता। मगर मैं कहता हूं कि तुम्हारे हिले बिना भी एक पत्ता नहीं हिलता। ईश्वर की इस मर्जी के नाम पर आज दुनिया में बडे़-बडे़ पाप और संगीन अपराध हो रहे हैं। एक आदमी शराब पीता है, उससे पूछो तू ऐसा क्यों करता है? तो वह कहता है कि यह सब ऊपर वाले की मर्जी है। सब उसकी मर्जी से हो रहा है। मैं कहता हूं, ऊपर वाले की मर्जी पर कुछ नहीं होता, जो होता है वह तुम्हारी अपनी मर्जी से होता है। ऊपर वाले के नाम पर नीचे वालों ने दुनिया को नरक बना रखा है।