सिर पर कलश उठा चली 1100 महिलाएं, प्रभु के रंग में डूबे भक्त
संस्कृति मंच एवं दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से दरेसी ग्राउंड में 22 से 28 अप्रैल तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
संस, लुधियाना : संस्कृति मंच एवं दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से दरेसी ग्राउंड में 22 से 28 अप्रैल तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसका समय प्रतिदिन रात 7.30 से 10.30 बजे तक रहेगा। इस कथा में भक्त प्रभु श्री कृष्ण के विभिन्न स्वरूपों, लीलाओं को अध्यात्म, विज्ञान, संगीत के माध्यम से रसपान करेंगे। इस कथा के वाचन के लिए भागवत भास्कराचार्य विदुषी साध्वी वैष्णवी भारती दिल्ली से पधार रही हैं।
इस उपलक्ष्य में शहर में शनिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा का शुभारंभ राम भगत हनुमान मंदिर, गली नंबर पांच, न्यू माधोपुरी से स्वामी प्रकाशानंद, स्वामी उमेशानंद, जिला भाजपाध्यक्ष जितेंद्र मित्तल, सीनियर डिप्टी मेयर श्याम सुंदर मल्हौत्रा, रजनीश धीमान, रविकांत सेठ द्वारा झंडी दिखाकर किया गया। कलश यात्रा से पहले दिनेश सरपाल (प्रधान, संस्कृति मंच), दिनेश मरवाहा एवं उनकी पत्नी, दर्शन प्रधान एवं उनकी पत्नी, लीलाधर सैनी एवं उनकी पत्नी, सुमन ठाकुर द्वारा पूजन करवाया गया। कलश यात्रा में 1100 सुहागिनें पीले वस्त्रों में कलश उठाकर चलीं और प्रभु के आशीर्वाद को प्राप्त किया। सारा शहर इस यात्रा की भव्यता में लीन हो गया, प्रभु के रंग में डूब गया।
कलश यात्रा का महत्व बताते हुए स्वामी गुरुकृपानंद ने कहा कि कलश के अग्रभाग में देवताओं का वास होता है। दूसरा यह हमारे मानव मस्तिष्क का भी प्रतीक है जिसमें अमृत का कुंड स्वीकार किया गया है। कलश यात्रा हमें निमंत्रण देती है कि आओ अपने मानव तन में ही परमात्मा का दीदार प्राप्त करो। यही हमारे जीवन का लक्ष्य है। इस यात्रा में प्रदूषित हो रहे वातावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पर्यावरण संरक्षण नामक झांकी भी निकाली गई। इसके जरिए बताया गया कि यदि वातावरण को प्रदूषित होने से न रोका गया तो आने वाले समय में हमारे लिए सांस लेना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए हमें अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए और उनकी देखभाल भी करनी चाहिए ताकि हमारी आने वाली पीढि़यां अच्छे से जीवनयापन कर सकें। विभिन्न जगहों पर कलश यात्रा का किया गया स्वागत
कलश यात्रा का अलग-अलग जगहों पर देवेंद्र गुप्ता, बिट्टू भाली, पार्षद राजेश जैन काला नवकार, प्रवीण, महालक्ष्मी मैरिज पैलेस की ओर से आरके गुप्ता, पवित्र सिंह (सरदार नगर) अश्विनी शर्मा (प्रधान लुधियाना कांग्रेस), पार्षद मनी ग्रेवाल, फौजी स्वीट हाउस, प्रवीण डंग (एचएसजेएस प्रधान) पार्षद भोला, सुभाष डावर की ओर से स्वागत किया गया। इस अवसर पर पुरुषोत्तम जैन, नरेश जैन दुग्गड़, ललित जैन, मुकेश चावला, संजीव बस्सी, संजीव कपूर, विजय कुमार, अनिल जैन, आदि शामिल थे।