लुधियाना में नायब शाही इमाम पंजाब बोले- पाकिस्तान में मंदिरों पर हमले शर्मनाक
मौलाना मुहम्मद उस्मान लुधियानवी ने कहा कि पाकिस्तान की इमरान सरकार अपने देश के अल्पसंख्यकों की रक्षा करने में नाकाम साबित हुई है। उन्हें शर्म आनी चाहिए क्योंकि इस्लाम में सभी इंसानों को बराबरी का सम्मान देने का हुक्म है।
लुधियाना, जेएनएन। पाकिस्तान में आए दिन हिंदू समाज और मंदिरों पर हो रहे हमलों पर नायब शाही इमाम पंजाब मौलाना मुहम्मद उस्मान लुधियानवी ने आपत्ति जताते हुए कहा है कि पड़ोसी देश में मंदिरों पर हमले इंसानियत के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की इमरान सरकार अपने देश के अल्पसंख्यकों की रक्षा करने में नाकाम साबित हुई है। उन्हें शर्म आनी चाहिए कि वह एक समुदाय के लोगों का विश्वास नहीं हासिल कर पाए।
नायब शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान लुधियानवी ने कहा कि अपने आप को इस्लामी देश कहने वाले पाकिस्तान को यह भी याद नहीं कि इस्लाम धर्म में सभी इंसानों को उनके धर्म और जात के साथ बराबरी का सम्मान देने का हुक्म दिया गया है। उस्मान लुधियानवी ने कहा की पाकिस्तान को अपने सभी नागरिकों के साथ एक सा व्यवहार रखना होगा। उन्होंने कहा कि हम मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के सभी नागरिकों को यह संदेश देना चाहते हैं कि वह अपने देश के अल्पसंख्यकों के साथ मजबूत समाजिक संबंध बनाकर रखें और अपने धर्म के साथ-साथ उनके धर्म को सम्मान देना सीखे।
उन्होंने कहा कि इस्लामी देशों में सर्वधर्म सदभाव की सीख पाकिस्तान को दुबई से लेनी चाहिए जहां सभी की इबादत गाह बनाई गई हैं। नायब शाही इमाम ने कहा कि पाकिस्तान की सरकार और वहां के दिग्गज इस बात को समझ लें कि धर्म हर इंसान की आस्था का निजी मामला है किसी की गुंडागर्दी किसी को उसके धर्म से हटा नहीं सकती। इस मौके पर कारी मुहम्मद मोहतरम, कारी इबराहिम, शाहनवाज अहमद, बाबुल खान, तनवीर आलम, शेख अशरफ व शाही इमाम पंजाब के मुख्य सचिव मुहम्मद मुस्तकीम अहरारी विशेष रूप से उपस्थित थे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें