घरेलू सिलेंडर की मांग में 25 फीसद का इजाफा, काॅमर्शियल की डिमांड 95 फीसद घटी
घरेलू सिलेंडर की बिक्री में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली है। कामर्शियल सिलेंडर की खपत में 95 प्रतिशत तक की गिरावट आई है।
लुधियाना, [मुनीश शर्मा]। कर्फ्यू में औद्योगिक और व्यावसायिक इकाइयां बंद हैं। लोग घरों में हैं। खान-पान के शौकीनों की वजह से रसोई का काम बढ़ गया है। कोई वर्क फ्रॉम होम के साथ-साथ कुकिंग कर रहा है तो गृहणियां भी नए-नए व्यंजन बनाने में जुटी हैं। ऐसे में जहां कॉमर्शियल लेंडरों की मांग कम हो गई है, वहीं घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग में इजाफा हुआ है।
कर्फ्यू के बाद मन में बने भय के चलते कई लोगों ने जरूरत से दो तीन गुणा सिलेंडर लेने आरंभ किए थे। कंपनियों ने सभी को सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए बुकिंग पर 15 दिन का लॉक पीरियड लगा दिया है। इसमें अगर आप सिलेंडर बुक करवाते हैं तो आपका अगला सिलेंडर 15 दिन के बाद ही बुक हो पाएगा।
सहायक मैनेजर इंडियन ऑयल हरदेव सिंह ने बताया कि लुधियाना में तीन कंपनियां इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और एचपी की ओर से 40 हजार के करीब सिलेंडरों की सप्लाई की जाती है। दो दिन प्लांट बंद होने के चलते शार्टेज आई। मांग के मुताबिक आम दिनों की तुलना में 48 हजार के करीब सिलेंडर रोजाना सप्लाई किए जा रहे हैं, लेकिन अब कामशियल की सेल 5 प्रतिशत ही है। घरेलू सिलेंडर की बिक्री में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली है। कामर्शियल सिलेंडर की खपत में 95 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। इसकी मुख्य वजह होटल एंड रेस्टोरेंट सहित खानपान के सभी उद्यम बंद होना है।
गोदाम से ही सिलेंडर हो रहे सैनिटाइज
चीमा चौक स्थित अरुण गैस सर्विस के विनोद कुमार के मुताबिक सिलेंडर को गोदाम पर ही सैनिटाइज करवाया जा रहा है। डिलीवरी वालों को मास्क एंव सैनिटाइजर दिए गए हैं। स्टाफ को भी अपनी सेफ्टी को लेकर पूर्ण ध्यान रखने को कहा गया है।
घर आने पर भी सिलेंडर करें सैनिटाइज
सिलेंडर लेते समय भी सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। एजेंसियों की ओर से तो सिलेंडर धोकर भेजे जा रहे हैं, लेकिन डिलीवरी से पूर्व भी इसको सैनिटाइज करने की आवश्यकता है। डॉ.गौरव सचदेवा के मुताबिक सिलेंडर लेते समय इस बात का ध्यान रखें कि डिलीवरी करने वाले ने ग्लबस पहन रखें हैं या नहीं। साथ ही जहां से सिलेंडर को पकड़ना है, उस जगह को सैनिटाइज या फिर साबुन से धोकर उठाएं।
एक सप्ताह की औसत बिक्री
24 मार्च: 14 हजार
25 मार्च: 15 हजार
26 मार्च: 30 हजार
27 मार्च: 34 हजार
28 मार्च : 32 हजार
29 मार्च: 38 हजार
30 मार्च: 40 हजार
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें