भाजपा की संकल्प यात्रा में बाेले प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक-राजोआणा की सजा माफी सही फैसला Ludhiana News
भाजपा के पंजाब प्रधान श्वेत मलिक ने कहा कि राजाेअाणा अपनी सजा पहले ही काट चुका है। जहां तक बात रही प्रदेश में शांति कायम रखने की तो देश की एजेंसियां सतर्क और सक्षम है।
लुधियाना, जेएनएन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से शहर में संकल्प यात्रा निकाली गई। इस दाैरान भाजपा के पंजाब प्रधान श्वेत मलिक ने पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के दोषी बलवंत सिंह राजोआणा की फांसी की सजा माफी को सही ठहराते हुए कहा कि वह तो अपनी सजा पहले ही काट चुका है। जहां तक बात रही प्रदेश में शांति कायम रखने की तो देश की एजेंसियां सतर्क और सक्षम है। बीते दिनों खालिस्तानी आंतकियाें को पकड़ना यह साबित भी करता है।
यह संकल्प यात्रा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक की अध्यक्षता में बुधवार सुबह विधानसभा सेंट्रल के शगुन पैलेस से शुरू हुई। इस दौरान उन्हाेंने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश के प्रति समर्पण का संकल्प भी दिलाया।
इससे पहले यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को घंटाघर स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में भाजपा पदाधिकारियों ने बैठक का आयोजन किया। पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी व जिला अध्यक्ष जतिंदर मित्तल ने बताया कि संकल्प यात्रा बाबा थान सिंह चौक, डिवीजन नंबर तीन, सीएमसी चौक, गुरुद्वारा छठी पातशाही, हरगोबिद मार्ग, शिवाजी नगर से होते हुए शगुन पैलेस पहुंचकर संपन्न हुई।