13 साल बाद 24 नवंबर को दिन का पारा 22.4 डिग्री तक लुढ़का
महानगर में तीसरे दिन भी बादल छाए रहे। सर्द हवाओं के बीच बादलों ने सूर्य देव को छिपाए रखा। शहर में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई तो कुछ जगहों पर बारिश जैसा माहौल बना रहा।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : महानगर में तीसरे दिन भी बादल छाए रहे। सर्द हवाओं के बीच बादलों ने सूर्य देव को छिपाए रखा। शहर में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई, तो कुछ जगहों पर बारिश जैसा माहौल बना रहा। नतीजन ठिठुरन का अहसास बढ़ गया और दिन का तापमान भी गिरा।
पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। पीएयू मौसम विभाग की हेड डा. प्रभजोत कौर सिद्धू के अनुसार साल 2006 के बाद पहली बार इस साल 24 नवंबर को दिन का तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है जबकि बीच के वर्षो में 24 नवंबर को दिन का तापमान अधिक रिकार्ड किया जाता रहा है। डा. सिद्धू ने कहा कि बादलों की वजह से रात का तापमान बढ़कर 12.0 डिसे तक पहुंच गया है। रात का तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक चल रहा है। डा. सिद्धू ने कहा कि बुधवार को भी बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगह हल्की बारिश होने की संभावना है। पिछले सात साल का 24 नवंबर को अधिकतम तापमान
साल-- तापमान
2014 - 25. 2 डिसे
2015 - 26.6 डिसे
2016 - 26.2 डिसे
2017 - 25 डिसे
2018 - 25.6 डिसे
2019 - 26.4 डिसे
2020 - 24.8 डिसे