स्वाइन फ्लू ने ली खन्ना के दंपती की जान, शहर में तेजी से पांव पसार रही जानलेवा बीमारी
स्वाइन फ्लू शहर में अपने पांव तेजी से पसारता जा रहा है। पहले ही यह बीमारी दो लोगों की जान ले चुकी हैं। अब शुक्रवार को वार्ड 25 में स्वाइन फ्लू ने एक दंपती की जान ले ली।
जेएनएन, खन्ना। स्वाइन फ्लू शहर में अपने पांव तेजी से पसारता जा रहा है। पहले ही यह बीमारी दो लोगों की जान ले चुकी हैं। अब शुक्रवार को वार्ड 25 में स्वाइन फ्लू ने एक दंपती की जान ले ली। एक साथ हुई दो मौतों से इलाके में शोक के साथ लोग भी सहमे हुए हैं। दरअसल व्यक्ति को पहले स्थानीय डॉक्टर को दिखाने के बाद स्वाइन फ्लू का शक होने के कारण चंडीगढ़ के सेक्टर 32 के अस्पताल में ले जाया गया। वहां वीरवार की रात उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को जब उस व्यक्ति के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी तो उसकी पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वह भी कुछ दिन से बीमार थी।
पीड़ित परिजनों का कहना है कि महिला भी अपने बीमार पति की देखभाल कर रही थी। हो सकता है कि उसे भी पति से स्वाइन फ्लू की बीमारी हो गई हो। दोनों में एक ही तरह के लक्ष्ण थे। हालांकि, दोनों मौतों की स्वाइन फ्लू से मौत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
व्यक्ति को स्वाइन फ्लू होने की आशंका, महिला को नहीं: एसएमओ
खन्ना के एसएमओ डॉ. राजिन्दर गुलाटी ने कहा कि व्यक्ति की मौत तो स्वाइन फ्लू से होने की आशंका है, लेकिन उनकी पत्नी की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दोनों पति-पत्नी की आयु करीब 50 वर्ष थी। गौरतलब है कि इससे पहले भी खन्ना के अंतर्गत आते इलाकों में एक महिला और नसराली गांव के व्यक्ति की भी स्वाइन फ्लू से मौत हो चुकी है।