ढोलेवाल, बाजवा नगर के खराब गैस व इलेक्ट्रिक चैंबर निगम करवाएगा ठीक
लुधियाना में कोरोना संक्रमण के मामले दिनों-दिन बढ़ते जा रहे हैं।
जासं, लुधियाना : लुधियाना में कोरोना संक्रमण के मामले दिनों-दिन बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। अभी शहर के एक ही ढोलेवाल के रामगढि़या श्मशानघाट में संक्रमितों का अंतिम संस्कार हो रहा है। मौतें ज्यादा होने से एक श्मशानघाट नाकाफी साबित होने लगा है और संबंधित परिवारों को इसके लिए चार दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। इसको लेकर दैनिक जागरण ने 26 जुलाई के अंक में खबर भी प्रकाशित की थी। इसी के बाद जिसा प्रशासन व निगम हरकत में आया। हालांकि डीसी वरिदर शर्मा ने अगले ही दिन आदेश जारी कर कहा था कि किसी भी श्मशानघाट में संक्रमितों का अंतिम संस्कार किया जा सकता है।
शहर में संक्रमितों के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद न हो, इसके लिए नगर निगम ने श्मशानघाटों की तलाश शुरू कर दी है। कोरोना के शुरुआती दौर में संक्रमितों के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी थी। मंगलवार को मेयर बलकार सिंह संधू व नगर निगम कमिश्नर प्रदीप सभ्रवाल शहर के अलग-अलग श्मशानघाटों में गए। उन्होंने मंगलवार को ढोलेवाल में बंद पड़े दूसरे एलपीजी चैंबर को शुरू करवाने के लिए कहा। मेयर ने कहा कि इसे शुरू करवाने में जो खर्च आएगा, वह निगम देगा। यही नहीं ढोलेवाल में तीसरा चैंबर बनाने के आदेश भी दिए गए हैं। इसका खर्च भी निगम उठाएगा। ढोलेवाल में दूसरा चैंबर वीरवार सुबह से काम करना शुरू कर देगा। उसके बाद मेयर व कमिश्नर बाजवा नगर श्मशानघाट पहुंचे। वहां के बंद इलेक्ट्रिक शवदाह चैंबर को शुरू करवाने के लिए कहा, इसका खर्च भी निगम उठाएगा। आखिर में दोनों ने सिविल लाइन श्मशानघाट का दौरा किया और वहां पर एलपीजी शवदाह चैंबर बनाने पर चर्चा की। मेयर ने अब बाजवा नगर व सिविल लाइन श्मशानघाट के प्रबंधकों के साथ बैठक तय की है। जो नहीं करेंगे मृतकों का संस्कार, उन शवों का निगम करवाएगा
मेयर बलकार सिंह संधू ने बताया कि कोरोना से मरने वालों का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिन मृतकों का संस्कार कोई नहीं करेगा, उनका नगर निगम अपने खर्चे पर करवाएगा। फैसले का करते हैं स्वागत : रणजोध सिंह
रामगढि़या श्मशानघाट के प्रबंधक रणजोध सिंह का कहना है कि हम पहले ही अपने स्तर पर इसे ठीक करवाने का फैसला ले चुके थे, मगर अब जू निगम अपनी तरफ से खर्च कर इसे ठीक करवाने का फैसला ले रहा है तो वह इसका स्वागत करते हैं। डेहलों व ऊंची मंगली के श्मशानघाटों में भी निगम करेगा संपर्क
डेहलों व ऊंची मंगली के श्मशानघाट में भी एलपीजी चैंबर बने हुए हैं। मेयर व कमिश्नर ने एसई राहुल गगनेजा को निर्देश दिए हैं कि वह दोनों श्मशानघाटों के प्रबंधकों से बात करें। अगर वह राजी होते हैं तो इन दोनों श्मशानघाटों में भी संक्रमितों का अंतिम संस्कार किया जा सकता है।