तीन राज्यों में जीत का पंचायत चुनाव में भी दिखेगा असर,अब इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में से तीन राज्यों में कांग्रेस की जीत के बाद पंजाब में करीब दो सप्ताह के बाद होने वाले पंचायत चुनाव पर भी असर दिखेगा।
अर्शदीप समर, लुधियाना:लोकसभा चुनाव से पहले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में से तीन राज्यों में कांग्रेस की जीत के बाद पंजाब में करीब दो सप्ताह के बाद होने वाले पंचायत चुनाव पर भी बड़ा असर दिखेगा। पंचायत चुनाव को लेकर नेताओं ने कमर कस ली है। सांसद रवनीत सिंह बिïट्टू, कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु और अन्य विधायक जीत को पंचायत चुनाव में भुनाने की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस नेता केंद्र सरकार को किसानों और व्यापारियों के मुद्दे पर घेरेंगे ताकि चुनाव में कांग्रेस सरकार को विरोधियों के निशाने से बचाया जा सके। वहीं, सांसद बिट्टू, कैबिनेट मंत्री आशु और अन्य विधायकों ने राजस्थान जाकर कांग्रेस के लिए प्रचार भी किया था और किसानों के मुद्दों के मुद्दों को उठाया था।
टिकट को लेकर दावेदार आकाओं की शरण में
पिछले ब्लॉक समिति व जिला परिषद में भी कांग्रेस का परचम लहराया था। अब अन्य राज्यों में भी कांग्रेस की जीत के बाद पंजाब में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेसी दावेदार नेताओं की होड़ लग गई है। कांग्रेसी दावेदार नेताओं ने अपने-अपने सीनियर कांग्रेसी आकाओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है ताकि आगामी पंचायत चुनाव में उनको कांग्रेस से टिकट मिल जाए। इसके लिए कई दावेदार नेताओं ने तो सांसद, मंत्री और विधायकों के घर के बाहर डेरा भी लगा लिया है।
कांग्रेस के साथ है जनता का हाथ: सांसद बिïट्टू
सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि केंद्र सरकार की तानाशाही शासन को लोगों ने जड़ से उखाड़ दिया है और कांग्रेस की जनहित नीतियों को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी है और इसी तरह आने वाले 2019 लोकसभा चुनाव में भी जनता भाजपा की कमर तोड़ देगी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार आएगी।
राहुल गांधी की मेहनत का दिखा असर: मंत्री आशु
कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु ने कहा कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य कांग्रेसियों की मेहनत का रंग है कि कांग्रेस को जनता ने इतना प्यार दिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा ने जनता को झूठे वादे कर गुमराह किया था, उसके बारे में जनता को पता चल चुका है। आने वाले चुनावों में भी भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी।
पंचायत चुनाव में कांग्रेस की लहराएगा परचम : विधायक वैद
कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह वैद ने कहा कि सभी राज्यों में कांग्रेस का झंडा लहराना शुरू हो गया है और एक तरह से भाजपा का तानाशाही राज खत्म होने लगा है। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस ही परचम लहराएगी।