पेशी से घर पहुंते ही भिड़े कांग्रेस समर्थक, चली गोलियां, चार जख्मी, एक की हाल गंभीर
यहां से नजदीक गांव रसूलपुर में आपसी रंजिश के चलते वीरवार दोपहर को दो पक्षों में झगड़ा हो गया।
संवाद सहयोगी, जगराओं : गांव रसूलपुर में आपसी रंजिश के चलते वीरवार दोपहर को दो पक्षों में झगड़ा हो गया। जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पर गोलियां चला दी, जिससे एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे लुधियाना रेफर कर दिया गया।
जानकारी अनुसार जिन पक्षों में आपसी लड़ाई हुई है वह दोनों पक्ष एक कांग्रेसी सरपंच के गुट के थे और एक साथ ही रहते थे। किसी वजह का उन में तकरार हो गई और दोनों पक्ष अलग हो गए। पिछले कुछ समय से दोनों पक्षों में कई बार लड़ाई झगड़ा हुआ जिस कारण दोनों पक्षों पर धारा 107/51 अधीन कार्रवाई चल रही थी। इसी मामले में वीरवार को पेशी भुगतकर दोनो पक्ष गांव पहुंचे थे। गांव में पहुंचते ही दोपहर करीब एक बजे दोनों गुट फिर से एक दूसरे के आमने-सामने हो गए।
एक पक्ष ने घर को घेर कर गोली चलाने का लगाया आरोप
झगड़े में घायल अमनदीप सिंह ने आरोप लगाया कि वह सभी 107/51 की पेशी भुगत कर गांव आए थे, तो गांव में पहुंचते ही गुरप्रीत सिंह पुत्र मघर सिंह, हरदेव सिंह, हरविदर सिंह और सुखजीवन सिंह ने हथियारों से लैस होकर उन सभी को घेर लिया और .12 बोर की राइफल से गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिसमें गुरप्रीत सिंह पुत्र सेवक सिंह को तीन गोलियां लगी और मनिदर सिंह, अमनदीप सिंह और काका सिंह को गोलियों के छर्रे लगे। सभी को सिविल अस्पताल जगराओं पहुंचाया गया तो वहां से डॉक्टर ने गुरप्रीत सिंह को लुधियाना रेफर कर दिया। जबकि हमें उपचार के बाद छुट्टी दे दी।
केस दर्ज कर की जाएगी कार्रवाई
इस संबंध में थाना हठूर के प्रभारी इंस्पेक्टर हरजिदर सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस मामले में बयान दर्ज करके अगली कार्रवाई की जा रही है।