लुधियानवियों के लिए राहत.. ताजपुर डंप से हटेगा पांच लाख टन कचरा
नगर निगम के ताजपुर रोड स्थित कचरा डंप से पांच लाख टन कचरा समेटने के लिए कंपनी का चयन कर लिया है। बुधवार को सिटी लेवल टेक्निकल सब कमेटी की बैठक में सागर मोटर एंड जनधार सेवा कंपनी के नाम पर मुहर लगा दी गई। टेंडर में इस कंपनी ने सबसे कम रेट दिया था।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : नगर निगम के ताजपुर रोड स्थित कचरा डंप से पांच लाख टन कचरा समेटने के लिए कंपनी का चयन कर लिया है। बुधवार को सिटी लेवल टेक्निकल सब कमेटी की बैठक में सागर मोटर एंड जनधार सेवा कंपनी के नाम पर मुहर लगा दी गई। टेंडर में इस कंपनी ने सबसे कम रेट दिया था। आने वाले कुछ दिन में कंपनी को वर्क आर्डर जारी किया जाएगा। यह काम पूरा होने के बाद निगम डंप से 20 लाख टन कचरा हटाने का दूसरा टेंडर जारी करेगा।
गौरतलब है कि महानगर से रोज निकलने वाले कचरे को ताजपुर रोड पर बने डंप पर ले जाया जाता है। यह डंप करीब 50 एकड़ में बना है और पूरी तरह भर चुका है। वर्ष 2021 में करवाए सर्वे में सामने आया था कि डंप पर करीब 21 लाख टन कचरा इकट्ठा हो चुका है। पांच लाख टन कचरे को समेटने के लिए निगम ने 28.49 करोड़ का बजट रखते हुए टेंडर जारी किया था। टेंडर में तीन कंपनियां हिस्सा लेने के लिए आगे आई थी। फाइनांशियल बिड से साफ हुआ कि सागर मोटर ने सबसे कम 27.17 करोड़ की बोली लगाई है। यह हैं टेंडर की शर्ते
- कंपनी को चार माह का समय मशीनें लगाने के लिए दिया जाएगा।
- 14 माह में कंपनी को पांच लाख टन कचरा साफ करना होगा।
- 25 प्रतिशत कचरे से कंपनी को आरडीएफ तैयार करना होगा।
- 75 प्रतिशत मिट्टी को डंप से हटा कर शहर के निचले क्षेत्रों में भरना होगा।