अप्रैल 2013 के बाद बनी कॉलोनियां नहीं होंगी रेगुलर, यह है वजह
सरकार ने अवैध कॉलोनियों को रेगुलर करने के लिए पॉलिसी जारी कर दी, लेकिन इस पॉलिसी में भी मास्टर प्लान लागू होने के बाद की बनी कॉलोनियों को रेगुलर करने का प्रावधान नहीं रखा गया है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना: लुधियाना शहर के विकास के लिए 2013 में मास्टर प्लान तैयार किया गया। लेकिन इस मास्टर प्लान को अभी तक सही तरीके से लागू नहीं किया गया। मास्टर प्लान के तहत शहर के अलग-अलग हिस्सों को कैटेगिरी वाइज बाट दिया गया। शहर में मास्टर प्लान पर कोई काम नहीं हुआ है। लेकिन सैकड़ों की तादात में अवैध कॉलोनिया बन गई। कॉलोनाइजरों ने भी घर बनाने की चाहत रखने वालों को लालच देकर अवैध कॉलोनियों में प्लाट बेच दिए। सरकार ने अवैध कॉलोनियों को रेगुलर करने के लिए पॉलिसी जारी कर दी, लेकिन इस पॉलिसी में भी मास्टर प्लान लागू होने के बाद की बनी कॉलोनियों को रेगुलर करने का प्रावधान नहीं रखा गया है।
आवास एवं शहरी विकास विभाग की तरफ से जारी की गई पॉलिसी के हिसाब से एक अप्रैल 2013 से पहले या फिर अलग-अलग शहरों में मास्टर प्लान लागू होने से पहले बनी अवैध कॉलोनियों को तो बिना किसी रोक टोक के रेगुलर कर दिया जाएगा। लेकिन एक अप्रैल 2013 के बाद बनी कॉलोनियों को रेगुलर नहीं किया जाएगा। मास्टर प्लान सही तरीके से लागू न होने के कारण कुछ लोगों को तो राहत मिल जाएगी, कुछ लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
प्रतिबंधित क्षेत्र की कॉलोनिया भी नहीं होंगी रेगुलर
शहर या उसके आसपास कई क्षेत्र ऐसे हैं, जहा पर निर्माण कार्य करने पर रोक लगाई गई है। इन क्षेत्रों में काटी गई कॉलोनियों को भी रेगुलर नहीं किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी, पंचायत व विवादित जगह पर काटी गई कॉलोनियों को भी रेगुलर नहीं किया जाएगा।