यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
PSEB 5th-8th Exams: एक ही दिन में 2-2 पेपर लेने पर चाइल्ड राइट कमीशन सख्त, PSEB को भेजा नोटिस
PSEB 5th-8th Examsपंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कुछ दिन पहले पाचवीं व आठवीं कक्षा की डेटशीट जारी की। पांचवीं व ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, लुधियाना। PSEB 5th-8th Exams: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 5वीं व 8वीं कक्षा की टर्म वन परीक्षा की डेटशीट जारी की तो उस पर सवाल खड़े होने लगे। बोर्ड ने एक दिन में दो दो विषयों की परीक्षा रखी है जिस पर स्कूल संचालकों के साथ साथ अभिभावकों को भी एतराज है। सामाजिक कार्यकर्ता व शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मोहित शर्मा की शिकायत पर पंजाब स्टेट प्रोटेक्शन आफ चाइल्ड राइट कमीशन ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड को नोटिस जारी करके इस में मामले में ठोस कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
यही नहीं कमीशन ने बोर्ड चेयरमैन को यह भी कहा है कि इस मामले में की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ता व उन्हें भी अवगत कराया जाए। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कुछ दिन पहले 5वीं व 8वीं कक्षा की डेटशीट जारी की। यह परीक्षाएं तीन दिन में ही पूरी हो जाएंगी। तीन दिन में 5वीं के पांच व 8वीं के छह विषयों की परीक्षा लेने का फैसला किया है। स्कूल संगठनों ने भी बोर्ड के चेयरमैन को इस संबंध में पुनर्विचार करने की मांग की। लेकिन बोर्ड ने इस पर गंभीरता से विचार नहीं किया। उसके बाद मोहित शर्मा ने पंजाब ह्यूमन राइट कमीशन, प्राेटेक्शन आफ चाइल्ड राइट कमीशन को शिकायत दी।
उनका तर्क है कि एक तरफ शिक्षा का अधिकार कानून के तहत 8वीं कक्षा तक परीक्षा न लेने का प्रावधान है। वहीं पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड 5वीं व 8वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा ले रहा है। यही नहीं बोर्ड ने सारी हदें पार कर दी और एक दिन में 5वीं व 8वीं कक्षा की दो-दो विषयों की परीक्षा एक दिन में ली जा रही है, जिससे बच्चे मानसिक तनाव में आ जाएंगे।
बोर्ड पहली बार ओएमआर शीट का कर रहा है प्रयोग
मोहित शर्मा का कहना है कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड पहली बार आंशरशीट के बदले ओएमआर शीट लागू कर रहा है। बच्चे पहली बार ओएमआर शीट पर पेपर भरेंगे। यह उनके लिए नया सिस्टम होगा। नए सिस्टम से भी बच्चे निश्चित तौर पर दबाव में होंगे। उनका कहना है कि एक दिन में दो विषयों की तैयारी करना बच्चों के लिए मुश्किल है।
5वीं कक्षा की डेटशीट
20 दिसंबर पहली भाषा व वातावरण शिक्षा
21 दिसंबर दूसरी भाषा व अंग्रेजी
22 दिसंबर गणित
8वीं कक्षा की डेटशीट
20 दिसंबर पहली भाषा, गणित
21 दिसंबर दूसरी भाषा, सामाजिक विषय
22 दिसंबर अंग्रेजी व साइंस
