डिलीवरी के समय बच्चे की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
लुधियाना के माॅडल टाउन स्थित अस्तपाल में डिलीवरी के दौरान बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का अारोप लगाया है।
लुधियाना, जेएनएन: एक गर्भवती महिला की डिलीवरी के दौरान तबीयत बिगडऩे पर शिशु की मौत हो गई। परिवार ने मॉडल टाउन में स्थित एक अस्पताल के डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिवार ने इसकी शिकायत थाना मॉडल टाउन में दर्ज करवाई। पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया है।
अब्दुल्लापुर बस्ती जम्मू कॉलोनी के रहने वाले दीपू ने बताया कि वह कार सर्विस का काम करता है। उसकी एक डेढ़ वर्षीय बेटी है। पत्नी पूजा गर्भवती थी। 17 नवंबर को उसे दर्द होने पर सिविल अस्पताल लेकर गया। डॉक्टरों ने उसे किसी और अस्पताल जाने को कहा। फिर वह मॉडल टाउन स्थित प्राइवेट अस्पताल में गया। दीपू ने आरोप लगाया कि 18 नवंबर की सुबह तक उसकी पत्नी की हालत ठीक थी। स्कैनिंग में बच्चा ठीक था। जब डॉक्टर ने पत्नी को इंजेक्शन लगाया और खून चढ़ाया। उसकी हालत बिगड़ी तो डॉक्टर ने किसी और अस्पताल ले जाने को कहा। 18 नवंबर की शाम को ही वह पत्नी को डीएमसी अस्पताल लेकर गया। वहां ब्लीडिंग ज्यादा होने के कारण डिलीवरी के समय बच्चे की मौत हो गई। दीपू ने आरोप लगाया कि यह घटना मॉडल टाउन स्थित एक प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर की लापरवाही के कारण हुई है। अगर वह पहले ही बता देते तो वह पत्नी को डीएमसी अस्पताल ले जाता।