पूर्व विधानसभा स्पीकर अटवाल बोले- कैप्टन सरकार के कार्यकाल में पंजाब विकास में पिछड़ा
अटवाल ने कहा कि गठबंधन का मुख्यमंत्री संगत दर्शन कर मुंह मांगी ग्रांट देता था। आज लोगों को तो क्या विधायकों को भी मुख्यमंत्री के दर्शन नहीं होते हैं।
श्री माछीवाड़ा साहिब (लुधियाना), जेएनएन। पंजाब विधानसभा के पूर्व स्पीकर चरनजीत सिंह अटवाल ने कहा कि कांग्रेस के तीन वर्षों के कार्यकाल दौरान पंजाब विकास में पिछड़ गया है। न तो गांवों की पंचायतों को कोई ग्रांट मिली और न ही सड़कों का सुधार हुआ। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते अटवाल ने कहा कि मुख्य मंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह खाली खजाने का रोना रोकर विकास पक्ष से भाग रहे हैं लेकिन अकाली सरकार के समय में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कभी भी राज्य के लोगों को पीठ नहीं दिखाई और पंचायतों ने जितनी भी ग्रांट मांगीं, वह उन्हें दीं।
उन्होंने कहा कि आज गांवों के लोग अकाली सरकार का कार्यकाल याद करते थकते नहीं, जब उनका मुख्यमंत्री हलकों में आकर संगत दर्शन कर मुंह मांगीं ग्रांट देता था। आज लोगों को तो क्या सरकार के विधायकों को भी मुख्यमंत्री के दर्शन नहीं होते हैं। पूर्व स्पीकर अटवाल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंथक और लोगों की अपनी पार्टी है। कुछ नेता पार्टी छोड़ कर गए हैं। वे लोग जनता के हितैषी कैसे हो सकते हैं। जो अपनी मां पार्टी का नहीं हुआ, वह राज्य का क्या भला करेगा। इस मौके सर्कल जत्थेदार कुलदीप सिंह जातीवाल, हरजिंदर सिंह पवात, शहरी प्रधान जसपाल सिंह जज, प्रितपाल सिंह गुरूगढ़, हरदीप सिंह झज्ज भी मौजूद थे।
जालंधर से लोकसभा चुनाव 2019 हारे थे अटवाल
बता दें कि चरनजीत सिंह अटवाल शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता हैं। वे दो बार पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में जालंधर संसदीय क्षेत्र से भाजपा-अकाली दल के संयुक्त प्रत्याशी के रूप में लोकसभा का चुनाव लड़ा था। कांग्रेस के संतोख सिंह चौधरी के हाथों उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें