श्री रामजन्भूमि शिलान्यास दिवस को धूमधाम से मनाएं राम भक्त
भाजपा ने श्री राम जन्मभूमि शिलान्यास का दिन पांच अगस्त श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाने का आह्वान किया है।
जागरण संवाददाता, खन्ना : भाजपा ने श्री राम जन्मभूमि शिलान्यास का दिन पांच अगस्त श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाने का आह्वान किया है। भाजपा मंडल प्रधान अनूप शर्मा की अगुवाई में हुई बैठक में भाजपा नेताओं ने राम भक्तों से अपील की कि कोरोना काल के चलते व भीड़ इकट्ठी करने से बचें। अपने घरों में ही रहकर भगवान श्री राम को याद करें। इसके साथ ही अपने घर पर घी के पांच दीए जलाना नहीं भूलें।
भाजपा नेताओं ने कहा कि भगवान श्री राम पूरे देश के आराध्य हैं। जन्मभूमि मंदर निर्माण के लिए राम भक्तों ने लंबी लड़ाई लड़ी है। इसके चलते इसे एक ऐतिहासिक दिन कहा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सजाने की भी अपील की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राजेश डाली, भाजपा मंडल महासचिव आतीश बांसल, पूर्व पार्षद सर्वदीप सिंह कालीराव, पूर्व मंडल प्रधान जसपाल सिंह लोटे, जिला सचिव रमरीश विज, मंडल महासचिव प्रितपाल सिंह भी मौजूद रहे। फोटो - 7
श्रद्धा व उत्साह से मनाए शिलान्यास दिवस : बत्ता
भाजपा के पूर्व पार्षद डॉ. सोमेश बत्ता ने कहा कि राम भक्त शिलान्यास दिवस को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाएं। इसके साथ ही सरकार द्वारा कोरोना महामारी के चलते जारी निर्देशों का पालन भी किया जाए। उन्होंने लोगों को दीवाली की तर्ज पर अपने घरों को सजाने और घी के दीपक जलाने का आह्वान किया। बत्ता ने कहा कि 493 सालों के बाद यह शुभ घड़ी आई है। इसे यादगार तरीके से मनाया जाना चाहिए। फोटो - 8
दुकानों को भी रोशनी में नहला दें : गैंद खन्ना होजरी एंड रेडीमेड एसोसिएशन के प्रधान बिपन चंद्र गैंद ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि इस ऐतिहासिक दिवस पर वे अपनी दुकानों को रोशनी से नहला दें। दुकानदार दुकानों पर रोशनी के लड़ियां लगाएं और दीपक जलाएं। गैंद ने कहा कि करीब 500 साल बाद आए इस दिन का महत्व दीवाली से कम नहीं है। रामभक्तों ने इस दिन के लिए अपनी जान की कुर्बानी दी है। इस कारण इस ऐतिहासिक दिन को पूरे हर्षोल्लास व श्रद्धा के साथ मनाया जाए।