पार्क के काम में लगे मजदूरों से की बदतमीजी, महिला समेत दो पर केस दर्ज Ludhiana News
नगर निगम के जेई बलजिंदर सिंह ने बताया मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। महिला व उसके परिवार के सदस्य सरकारी कामकाज में बाधा डाल रहे थे।
लुधियाना, जेएनएन। बीआरएस नगर एच-जे ब्लॉक में नगर निगम पार्क का सौंदर्यीकरण करवा रहा है। लेकिन पार्क के सामने रहने वाली एक महिला वहां मजदूरों को काम करने नहीं दे रही। महिला कभी मजदूरों को गालियां देती है तो कभी उन पर पथराव कर देती है।
महिला की इन हरकतों से तंग आकर मजदूरों ने काम करने से मना कर दिया और इस संबंध में उन्होंने निगम को साफ कह दिया कि वह काम नहीं करेंगे। इसके बाद निगम ने मजदूरों को सुरक्षा का भरोसा दिया और काम करने को कहा। मजदूरों ने फिर काम किया तो निगम अफसरों की मौजूदगी में उस महिला व एक व्यक्ति ने मजदूरों को गालियां देनी शुरू कर दी। इस पर निगम अफसरों ने सराभा नगर पुलिस स्टेशन से सुरक्षा मांगी और महिला के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। निगम अफसरों की शिकायत पर पुलिस ने महिला व उसके परिवार के एक अन्य सदस्य पर मामला दर्ज कर लिया है।
नगर निगम के जेई बलजिंदर सिंह ने बताया कि बीआरएस नगर एच-जे ब्लॉक के पार्क का सौंदर्यीकरण चल रहा था। लोग इससे पहले वहां पर कूड़ा डाल रहे थे। उन्होंने बताया कि जब वहां पर काम शुरू किया तो पार्क के सामने रहने वाली महिला ने विरोध करना शुरू किया। जब भी मजदूर काम करने जाते तो वह उन्हें वहां से भगा देती, जिसके बाद मजदूरों ने काम करने से मना कर दिया। मजदूरों का कहना है कि महिला व उसके परिवार के सदस्य उन्हें गालियां देते हैं और ऊपर से पथराव करते हैं।
जेई ने बताया कि फिर इस मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। उन्होंने कहा कि महिला व उसके परिवार के सदस्य सरकारी कामकाज में बाधा डाल रहे थे। पुलिस ने इस मामले में दलजीत कौर व अमनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें