लुधियाना में अदालत के निर्देश पर ससुरालियों पर केस दर्ज, घर में तोड़फोड़ कर दी थी जान से मारने की धमकियां
लुधियाना में ससुरालियों की ओर से घर में तोड़फोड़ करने व जान से मारने की धमकियां देने के मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने इसके बाद अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के निर्देश पर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। बेटे के ससुरालियों द्वारा घर में ईट पत्थर फेंक कर घर मे तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकियां देने के मामले में जब पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित परिवार ने अदालत का दरवाजा खटखटाया । अदालत के निर्देश पर अब थाना पीएयू पुलिस ने हंबड़ा रोड स्थित राजा गार्डन निवासी 58 वर्षीय आशा रानी की शिकायत पर जम्मू स्थित मूर्ति निवास संतोष भवन मूखंड निवासी प्रियंका जैन, सुरेश जैन, आशीष जैन, संजय जैन तथा चंद्र नगर हैबोवाल निवासी विनीत जैन के खिलाफ केस दर्ज किया।
अपने बयान में उसने बताया कि उसके बेटे आशीष जैन की शादी प्रियंका जैन के साथ हुई थी। दोनों के बीच झगड़ा रहने लगा तो प्रियंका अपने मायके में जाकर रहने लग गई। उसने अदालत में केस करके आशीष से 12 हजार रुपये प्रति महीना खर्चा लेना शुरू कर दिया। जिस पर आशा रानी ने अपने बेटे को अपनी चल अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया। 7 जुलाई 2020 की सुबह को आशा रानी अपने पति व बेटी समेत घर में सो रही थी। उसी दौरान आरोपियों ने उनके घर पर हमला कर दिया।
आरोपितों ने घर पर ईट पत्थर फेंक कर घर के सभी शीशे तोड़ दिए। उन्हें जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। आशा रानी का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्यवाही नहीं की। जिसके चलते उसने कोर्ट की शरण ली 13 मई 2022 को ज्यूडिशल मजिस्ट्रेट क्लास किरणदीप सिंह की अदालत ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश जारी कर दिए। जिसके बाद पुलिस ने उन पर केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।