भाजपा नेता के साथ मारपीट मामले में कांग्रेसी पार्षद पति समेत पांच पर केस दर्ज Ludhiana News
राजू थापर कांग्रेसी पार्षद का पति है। जबकि गौरव कालिया भारतीय जनता पार्टी का सरगर्म सदस्य है। उसी बात की रंजिश को देखते हुए आरोपितों ने उसे पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
जेएनएन, लुधियाना। सिविल लाइंस स्थित सड़क बैठने से हुए गड्ढे में फंसी कार का वीडियाे बना कर वायरल करने वाले भाजपा नेता के साथ मारपीट करने के आरोप में थाना डिवीजन नंबर 8 पुलिस ने कांग्रेसी पार्षद पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
हवलदार नवजोत सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान सिविल लाइंस निवासी चिराग राजू थापर, बादल, राजू थापर, दीपक थापर तथा विकास गोयल के रूप में हुई। पुलिस ने डीएमसी के पीछे प्रेम नगर में रहने वाले गौरव कालिया की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में कालिया ने बताया कि रविवार शाम 4 बजे वो दीप नगर कट के पास से निकल रहा था। उसी दौरान उसने वहां लोगों का जमावड़ा देखा तो रुक गया। वहां उसने देखा कि बीच में से सड़क बैठ गई, उसमें गहरा गड्ढा हो गया तथा एक फाच्रूनर कार उसमें गिर गई है। मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम ने उसे बाहर निकाला।
इस दौरान उसने उक्त सारे घटनाक्रम की वीडियो बना ली। कालिया का आरोप है कि जब वो वहां से जाने लगा तो वहां पहुंचे एक मीडिया कर्मी ने उनसे इस बारे में उनकी राय जाननी चाही। अभी बातचीत चल ही रही थी कि उसी बीच आरोपितों ने यह कह कर उससे व मीडिया कर्मी से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया कि वो कौन होता है उसके वार्ड के बारे में बाेलने वाला। राजू थापर वार्ड नबंर 83 की कांग्रेसी पार्षद का पति है। जबकि गौरव कालिया भारतीय जनता पार्टी का सरगर्म सदस्य है। उसी बात की रंजिश को देखते हुए आरोपितों ने उसे पर हमला कर उसे घायल कर दिया और जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें