लुधियाना में फर्जी मार्का लगा बेचता था डरबी सिलाई मशीनें, दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज
लुधियाना में लोकल मेड सिलाइ मशीन पर डरबी सिलाई मशीन का मार्का लगाकर बेचने वाले दुकानदार के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने लकड़ बाजार पहुंच कर उक्त आरोपित से 10 जाली डरबी मशीने खरीदीं।
जासं, लुधियाना। लोकल मेड सिलाई मशीन पर डरबी सिलाई मशीन का मार्का लगा कर बेचने वाले दुकानदार के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 1 पुलिस ने कापी राइट एक्ट के तहत केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की है। इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह ने बताया कि उसकी पहचान लकड़ बाजार निवासी जीवन सिंह उर्फ शैंकी के रूप में हुई। पुलिस ने नई दिल्ली के शाहदरा स्थित गीता कालोनी निवासी जुगल किशोर आहूजा की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि वो डरबी सिलाई मशीन कंपनी का लीगल एडवाइजर है।
अगर कोई व्यक्ति उस कंपनी की जाली मशीनें बना कर बेचता है तो वो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाता है। सूचना मिलने पर वीरवार उसने लुधियाना के लकड़ बाजार पहुंच कर उक्त आरोपित से 10 जाली डरबी मशीने खरीदीं। आरोपित ने आर्डर बुक करने के बाद डिलीवरी के लिए उसे चीमा चौक के पास बुला लिया। शेर पुर इलाके में उसकी कहीं फैक्ट्री है, जिसमें वो मशीने बनती हैं। मगर पुलिस के डर से वो ग्राहकों को चीमा चौक बुला कर ही डिलीवरी देता था। वीरवार देर रात जब वो डिलीवरी देने के लिए पहुंचा तो पुलिस को देख मशीनें छोड़ कर अपनी कार में फरार हो गया।
विदेश भेजने का झांसा दे 2.10 लाख की ठगी
लुधियाना। विदेश भेजने का झांसा देकर 2.10 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में थाना माडल टाउन पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि उनकी पहचान डेलटा सिटी निवासी हरप्रीत सिंह तथा अमर नगर निवासी राजवीर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने इस्लाम गंज निवासी सावन की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि आरोपितों ने उसे विदेश भेजने का झांसा देकर उससे 2.10 लाख रुपये ले लिए। मगर बाद में न तो उसे विदेश भेजा और न ही उसके पैसे वापस किए।