कार में सवार लोगों ने पुलिस के साथ की बदसलूकी, एएसअाइ की फाड़ डाली वर्दी
कार सवार लोगों ने पहले रेड लाइट जंप की। जब पुलिस ने उन्हें रोका तो आरोपितों ने टीम के साथ गाली गलौज करके हाथपाई कर उनकी वर्दी फाड़ दी।
जेएनएन, लुधियाना। कार सवार लोगों ने पहले रेड लाइट जंप की। जब पुलिस ने उन्हें रोका तो आरोपित पुलिस के गले पड़ गए। उन लोगों ने पुलिस टीम के साथ गाली गलौज करके हाथपाई कर उनकी वर्दी फाड़ दी और गाड़ी छोड़ कर फरार हो गए। अब थाना मोती नगर पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस के एएसआइ अवतार सिंह की शिकायत पर स्विफ्ट कार नंबर पीबी10जीएफ-3887 पर सवार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। एएसआइ राजिंदर पाल के अनुसार अपने बयान में अवतार सिंह ने बताया कि शनिवार वो अपने ड्यूटी के दौरान वर्धमान चौक पर मौजूद था। उसी दौरान चंडीगढ़ की तरफ से आई उक्त कार ने रेड लाइट जंप कर दी। उसे जब रुकने का इशारा किया गया तो उसने सड़क के बीच में ही कार को रोक दिया। उसी समय कार से उतरे ड्राइवर ने उसके साथ गाली गलौज करना शुरू कर दिया। कार में से उतरे दो अन्य लोग भी गुंडागर्दी पर उतर आए। उन लोगों ने हवलदार जसविंदरपाल के साथ हाथापाई शुरू कर दी। आरोपियों ने उसकी तथा अवतार सिंह की वर्दी भी फाड़ दी। उसी बीच कार में बैठी दो महिलाएं भी उतर आईं, उन लोगों भी पुलिस टीम के साथ गलत व्यवहार किया। अारोपियों द्वारा की गई धक्का मुक्की के कारण पुलिस टीम की वर्दियां फट गईं। उसी दौरान आराेपियों ने कार में पड़ा एक बैग उठाया अौर पैदल ही फरार हो गए।
बैग में थी आपत्तिजनक सामग्री
एएसआइ अवतार सिंह ने कहा कि उसे शक है कि बैग में जरूर काेई आपत्तिजनक सामग्री थी। क्योंकि जब तक उन लोगाें ने कार से बैग नहीं निकाला, वो लोग हाथापाई करते रहे। बैग के निकलते ही वो लोग फरार हो गए।
लोग बनाते रहे वीडियो, नहीं की पुलिस की सहायता
इस मौके पर सैंकड़ों लोग जमा हो गए। वो लोग पूरे घटनाक्रम की वीडियो बनाते रहे। मगर किसी ने भी आराेपियों को पकड़ने में पुलिस की मदद नहीं की। अगर वो लोग आगे आते तो शायद पुलिस उन्हें काबू कर लेती। जिससे यह भी साफ हो जाता कि बैग में क्या था। अब तक की जांच में पता चला है कि उक्त कार टिब्बा रोड निवासी किसी व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। जल्दी ही उनका पता लगा काबू कर लिया जाएगा।