लुधियाना में दुल्हन निकली चार माह की गर्भवती, राज खुलने पर हुआ तलाक, अब दुष्कर्म का आरोपित शादी से मुकरा
दिल्ली में शादी के बाद पता चला कि लुधियाना निवासी युवती पहले से गर्भवती है। इस पर सहमति से तलाक हो गया और फैसला हुआ कि दुष्कर्म के आरोपित से उसकी शादी की जाएगी लेकिन आरोपित अब शादी से मुकर रहा है।
जेएनएन, लुधियाना। शादी के कुछ दिन बाद ही पता चला कि दुल्हन तो चार माह की गर्भवती है। परिवार के लोगों ने जब पूछताछ की तो पता चला कि युवती से उसकी भाभी के भाई ने दुष्कर्म किया था। युवती ने इस संबंध में किसी को कुछ नहीं बताया था। उसके गर्भवती होने के बारे में पता चलने के बाद तय हुआ कि उसकी शादी अब उसी लड़के से की जाएगी, जिसने उससे दुष्कर्म किया था। इसके लिए युवती नेे पति से तलाक ले लिया। युवती ने बच्चे को जन्म भी दे दिया, लेकिन अब दुष्कर्म करने वाला युवक उसे अपनाने से इन्कार कर रहा है।
मामले में युवती ने युवक व उसके परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अब थाना वूमेन पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। एएसआइ बलजीत सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान टिब्बा रोड के प्रेम विहार के निकट गुरु नानक अस्टेट निवासी के रूप में हुई। पुलिस ने टिब्बा रोड की न्यू स्टार कालोनी निवासी 21 वर्षीय युवती की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया है।
अपने बयान में युवती ने बताया कि आरोपित उसकी भाभी का भाई है। मई 2019 में उसकी भाभी की छोटी बहन की शादी थी। इसके कारण वह उनके घर रहने के लिए गई थी। उसी दौरान आरोपित ने उसे डरा धमका कर उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। वहां से लौट कर आने के बाद वो उसे किसी को न बताने के लिए धमकाने लगा।
इसी बीच 9 जुलाई 2019 में पीड़िता की दिल्ली में शादी हो गई। मगर शादी के बाद उसे पता चला कि वो 4 महीने के गर्भ से है। परिवार ने जब उससे पूछा तो उसने आरोपित के बारे में सब कुछ बता दिया। इस पर दोनों परिवारों के बीच बैठकर बातचीत हुई और दोनों की शादी का फैसला लिया गया। मगर उसके लिए उसे पहली शादी से तलाक लेना पड़ा।
युवती ने जब अपने पति को तलाक दे दिया तो वो परिवार शादी कराने से साफ मुकर गया। इसी बीच उसने बेटे को जन्म दिया। मगर आरोपितों ने फिर भी उसे स्वीकार करने से साफ इन्कार कर दिया। जिसके चलते उसे पुलिस की शरण में जाना पड़ा। बलजीत सिंह ने कहा कि आरोपितों की तलाश में रेड की जा रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।