शादी के दौरान दुल्हन की NRI मां का पर्स चोरी, CCTV फुटेज में दिखे आरोपित Ludhiana News
मामले की जांच कर रहे जगजीत सिंह ने कहा कि अारोपितों की फुटेज मिल गई है। आरोपितों का सुराग लगाने के लिए उसे सभी थानों की पुलिस को भेज दिया गया है
लुधियाना, जेएनएन। चंडीगढ़ रोड स्थित सनराइज मैरिज पैलेस में चल रही शादी के दाैरान चोरों ने दुल्हन की एनआरआइ मां का पर्स चुरा लिया। पर्स में लाखों की नगदी और जेवर थे। वारदात को तीन बदमाशों ने अंजाम दिया। पैलेस में लगे सीसीटीवी कैमरों ने आरोपितों के चेहरों को कैद कर लिया।
सूचना मिलने पर पहुंची थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। एएसआइ जगजीत सिंह ने बताया कि उक्त केस कनाडा के औंटेरियो निवासी गुरिंदर कौर की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में महिला ने बताया कि वो लोग मूल रूप से संगरूर के रहने वाले हैं। वह और उसका पति बरजिंदर सिंह व परिवार लंबे समय से कनाडा में रह रहे हैं। 12 अक्टूबर के दिन उसकी बेटी सिमरन कौर की शादी थी। लड़के वाले चंडीगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि उनका दामाद स्पेन का नागरिक है।
दोपहर बाद 3.30 बजे बारात मैरीज पैलेस में पहुंची। करीब 4.32 बजे वो अपनी बेटी काे शगुन डालने के लिए चली गई। दो मिनट बाद वापस आकर देखा तो कुर्सी पर रखा उसका पर्स गायब था। पर्स में करीब 150 लोगों द्वारा दिए गए शगुन के लिफाफे, पांच तोले सोने का हार, 50 हजार की नगदी, 800 पाँड, उसका व उसके पति का आइफोन छह व आठ थे।
बरजिंदर सिंह के लुधियाना निवासी दोस्त सुरिंदर सिंह बेदी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करने पर देखा कि तीन अज्ञात युवक उक्त पर्स को लेकर बाहर जाते नजर आ रहे हैं। फुटेज में देखा गया कि तीनों बदमाश दोपहर बाद 3.30 बजे बरात के दाखिल होने के कुछ ही समय बाद पैलेस में दाखिल हो गए थे। शाम 4.32 बजे गुरिंदर कौर अपनी कुर्सी से शगुन डालने के लिए गई, और दो मिनट में वापस आ गई। उसी बीच बदमाशों ने अपना काम कर दिया।
मामले की जांच कर रहे जगजीत सिंह ने कहा कि अारोपितों की फुटेज मिल गई है। उनका सुराग लगाने के लिए उसे सभी थानों की पुलिस को भेज दिया गया है। पैलेस के बाहर सड़क पर लगे कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि वारदात के बाद आरोपित किस वाहन से किस तरफ फरार हुए थे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें