लुधियाना के ट्रांसपोर्ट नगर से लाखों रुपये के कंबल से लदी बोलेरो चोरी, सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी पुलिस
बिंदर कुमार ने बताया कि 6 जून की रात 9 बजे उसने महिंद्रा पिकअप को लॉक करके दफ्तर के बाहर खड़ा किया था। उसमें 1.16 लाख रुपये कीमत के कंबलों से भरे 20 बैग लोड थे। सुबह आकर चेक किया तो वो गाड़ी वहां से चोरी हो चुकी थी।
लुधियाना, जेएनएन। ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में लाखों रुपये कीमत के कंबल से लदी खड़ी महिंद्रा बोलेरो गाड़ी चोरी हो गई। अब थाना मोती नगर पुलिस ने अज्ञात लाेगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है।हवलदार जगसीर सिंह ने बताया कि यह केस ट्रांसपोर्ट नगर स्थित हाइवे गुड्स कैरियर के बिंदर कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
अपने बयान में उसने बताया कि 6 जून की रात 9 बजे उसने अपनी महिंद्रा पिकअप गाड़ी को लॉक करके अपने दफ्तर के बाहर खड़ा किया था। उसमें 1.16 लाख रुपये कीमत के कंबलों से भरे 20 बैग लोड थे। सुबह आकर चेक किया तो वो गाड़ी वहां से चोरी हो चुकी थी। जगसीर सिंह ने कहा कि आरोपितों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।
दहेज उत्पीड़न में पति व सास पर केस
लुधियाना। दहेज के लिए विवाहिता का शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने ससुरालियों पर केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। एएसआइ रणजीत सिंह ने बताया कि उनकी पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश) के शास्त्री नगर निवासी हरप्रीत सिंह तथा उसकी मां दविंदर कौर के रूप में हुई। पुलिस ने सलेम टाबरी के नेता जी नगर निवासी सरबजीत कौर की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया।
अपने बयान में उसने बताया कि दिसंबर 2012 में उसकी शादी आरोपित हरप्रीत सिंह के साथ हुई थी। मगर शादी के बाद ही और दहेज लाने की मांग को लेकर वह उसे शारीरिक व मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने लगा। इस कारण उसे पुलिस की शरण में जाना पड़ा। रणजीत सिंह ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम को मेरठ भेजा जा रहा है।
- राजन कैंथ -