खन्ना ने आशु पर साधा निशाना, जहां का खाद्य मंत्री हो, वहां राशन नहीं मिलने की शिकायतें आना शर्मनाक
खन्ना ने कांग्रेस सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने 20 लाख करोड़ रुपये का पैकेज देश के प्रत्येक वर्ग को दिया।
लुधियाना, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान महानगर में श्रमिकों को राशन नहीं मिलने, इसके वितरण में भेदभाव और इसी को लेकर लोगों की तरफ से प्रशासन के खिलाफ किए गए प्रदर्शन की घटनाओं के बीच शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने इस मामले पर पंजाब सरकार पर निशाना साधा। वह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर उपलब्धियां गिनाने के लिए यहां आए थे।
भाजपा के जिला मुख्यालय में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए खन्ना ने कांग्रेस सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने 20 लाख करोड़ रुपये का पैकेज देश के प्रत्येक वर्ग को दिया। कांग्रेस बताए उसने पंजाब के लोगों को क्या राहत दी। इसके विपरीत सरकार कई तरह के जुर्माने व टैक्स लगाकर लोगों को प्रताड़ित कर रही है। साथ ही खन्ना ने अप्रत्यक्ष रूप से पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग के कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु का नाम न लिए बिना कहा कि इससे बड़ी त्रासदी क्या हो सकती है कि जिस जिले का खाद्य मंत्री हो और वहीं पर लोग राशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज करवाएं। यह शर्मनाक है।
इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष खन्ना ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए लॉकडाउन सही समय पर लगाया गया। नतीजा सभी के सामने है। केस बढ़ने के बावजूद रिकवरी रेट बहुत अधिक है।
कश्मीर में हदबंदी के बाद होंगे चुनाव
भाजपा के जम्मू-कश्मीर के प्रभारी डॉ. अविनाश राय खन्ना ने जम्मू, कश्मीर में चुनाव संबंधी पूछे सवाल पर कहा कि वहां पर वर्षो से पेंडिंग पंचायत चुनाव करवाए गए। लोकतांत्रिक ढांचा बन चुका है। हदबंदी प्रक्रिया जारी है। हमारा प्रयास है कि वहां जल्द चुनाव करवा दिए जाएं।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस दौरान जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंघल, प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण बांसल, प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी, सह कोषाध्यक्ष रविंदर अरोड़ा, प्रदेश प्रवक्ता अनिल सरीन, जिला महासचिव सुनील मोदगिल, सचिव कांतेन्दु शर्मा व मीडिया प्रभारी सतीश कुमार उपस्थित रहे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें