बजट की खासियत काे बुलाई बैठक में भाजपा नेता शक्ति शर्मा का हार्ट अटैक से निधन Ludhiana News
पंजाब स्टेट इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कारपोरेशन के पूर्व चेयरमैन शक्ति शर्मा (74) का अचानक निधन हाे गया।
लुधियाना, जेएनएन। पंजाब स्टेट इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कारपोरेशन के पूर्व चेयरमैन शक्ति शर्मा (74) का अचानक निधन हाे गया। शनिवार को होटल नागपाल में भाजपा की बैठक में वह अचानक बेहोश हो गए थे। गंभीर अवस्था में उन्हें डीएमसी हीरो हार्ट सेंटर में दाखिल कराया गया था। रविवार को उन्होंने हीरो हार्ट सेंटर में अंतिम सांस ली। उनके निधन से शहर के भाजपाइयाें में शाेक की लहर है। शक्ति शर्मा का अंतिम संस्कार सोमवार को अरोड़ा पैलेस के पीछे दाना मंडी के पास बने श्मशानघाट में होगा।
बजट की खासियत काे लेकर बुलाई थी बैठक
शनिवार को यह बैठक बजट की खासियत बताने को बुलाई गई थी, जिसमें भाजपा के आर्थिक मामलों के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपालकृष्ण अग्रवाल पहुंचे थे। शक्ति शर्मा 1967 में पहली बार पार्टी में वार्ड प्रधान बने। उसके बाद मंडल प्रधान, लुधियाना भाजपा देहाती के प्रधान, प्रदेश महासचिव, प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे पदों पर पार्टी में रहे।
इसके बाद पार्टी ने उन्हें प्रदेश स्तर पर भाजपा अनुशासनात्मक कमेटी का चेयरमैन बनाया। अकाली-भाजपा गठबंधन के समय शक्ति शर्मा को पंजाब स्टेट इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कारपोरेशन का चेयरमैन बनाया गया।
भाजपा अाैर कांग्रेस के नेताअाें ने जताया शाेक
भाजपा के मीडिया प्रभारी डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि शक्ति शर्मा को बैठक में पैरलाइसिस अटैक आया और फिर हीरो हार्ट सेंटर में उन्हें ब्रेन हेमरेज भी हो गया था। भाजपा नेता शक्ति शर्मा मिलनसार व्यकितत्व के स्वामी थे। उनका निधन भाजपा के लिए अपूर्णीय क्षति है। उनके निधन पर भाजपा अाैर कांग्रेस के नेताअाें ने शाेक व्यक्त किया है।