पंजाब सरकार के खिलाफ भाजपा नेताओं का उपवास, केंद्र से आए राशन को वितरित न करने का आरोप
केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए राशन का वितरण न करवाने का आरोप पंजाब सरकार पर लगाते हुए भाजपा पदाधिकारी शुक्रवार को उपवास कर रहे हैं।
लुधियाना, जेएनएन। केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए राशन का वितरण न करवाने का आरोप पंजाब सरकार पर लगाते हुए भाजपा पदाधिकारी शुक्रवार को उपवास कर रहे हैं। प्रदेश स्तरीय नेता 11 बजे तक घंटाघर के नजदीक जिला मुख्यालय में बैठे। जबकि कार्यकर्ताओं को घर पर ही उपवास के निर्देश दिए गए हैं।
लुधियाना के घंटाघर स्थित भाजपा के जिला मुख्यालय के बाहर प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता अनिल सरीन, प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी व पूर्व जिलाध्यक्ष रविंदर अरोड़ा उपवास पर बैठे रहे।भाजपा का आरोप है कि केंद्र से राशन आए कितने दिन बीत गए। अभी तक पंजाब सरकार ने इसका वितरण भी शुरू नहीं करवाया है। इसके विरोध में भाजपा के सभी कार्यकर्ता अपने घरों पर ही उपवास करेंगे।
लुधियाना के घंटाघर स्थित भाजपा के जिला मुख्यालय के बाहर उपवास पर बैठे भाजपा नेता।
प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने वीरवार को बताया था कि प्रदेश व जिला कार्यकारिणी के सदस्य शहर के किसी एक स्थान पर फिजिक्ल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए धरने पर बैठेगें। गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर फ्रंट पर फेल हो रही है। लोगों को राहत देने में असफल रही सरकार अभी तक केंद्र से आए राशन को भी लोगों तक पहुंचाने में नाकाम साबित हुई। जबकि मोदी सरकार ने पंजाब के 1.42 करोड़ जरुरतमंदों के लिए तीन महीने के राशन की खेप एक महीने पहले ही पंजाब सरकार को भेज दी थी। पंजाब सरकार की पोल खोलने के लिए मजबूरन भाजपा को इस धरने के एलान की घोषणा करनी पड़ी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें