फेसबुक से होंगे भोलेनाथ के लाइव दर्शन : चेतन
महादेव सेवा दल विधानसभा पूर्वी सेक्टर-32 की ओर से मुक्तेश्वर मुक्ति धाम के दर्शनों के लिए चलने वाली निशुल्क बस सेवा को स्थगित कर दिया।
संस, लुधियाना : महादेव सेवा दल विधानसभा पूर्वी सेक्टर-32 की ओर से हर वर्ष सावन माह में मुक्तेश्वर मुक्ति धाम के दर्शनों के लिए चलने वाली निशुल्क बस सेवा को कोरोना महामारी के चलते स्थगित कर दिया गया। उपरोक्त जानकारी महादेव सेवा दल के अध्यक्ष चेतन बवेजा ने महादेव सेवा दल की बैठक को संबोधित करते हुए दी। इस दौरान बवेजा ने कहा कि कोरोना महामारी के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है, ताकि फिजिकल डिस्टेंस का पालन हो सके और कोई भी भक्त कोरोना की चपेट में न आ सके। इसके साथ ही मंदिर प्रशासन को भी सावन माह में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा नहीं करने के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि महादेव सेवा दल के सदस्य सेक्टर-32 चंडीगढ़ रोड से मुक्तेश्वर मुक्ति धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन कर इस यज्ञ को जारी रखेंगे। वहीं उन्हें आरती के पश्चात नारियल तोड़कर स्वामी विवेक भारती महाराज रवाना करेंगे। यही नहीं, हर वर्ष भोलेनाथ के दर्शन करने वाले भक्तों के लिए फेसबुक के माध्यम से भोलेनाथ के लाइव दर्शन करवाए जाएंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सावन माह में लंगर लगाने वाली धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं से आग्रह किया कि वे इस बार कोरोना महामारी के कारण लंगर स्थगित कर इसके बदले सूखा राशन वितरित करें। जितनी क्षमता से वे लंगर लगाते है उतनी ही साम्रगी वृद्ध आश्रमो मे बुजुर्गो, जरूरतमंद लोगो को वितरित करें। यही भगवान भोलेनाथ को उनका भोग भी होगा व भगवान भोलेनाथ उनसे अधिक प्रसन्न होंगे।