भिखारियों ने फुटपाथ पर बनाया अपना आशियाना, हरे-भरे पार्कों पर भी किया कब्जा
फिरोजपुर रोड पर भीख मांगने वाले भिखारियों ने फुटपाथ पर कब्जा करते हुए खुद की अस्थायी झोपड़ियां बना ली हैं।
[लुधियाना, अर्शदीप समर] फिरोजपुर रोड पर भीख मांगने वाले भिखारियों ने फुटपाथ पर कब्जा करते हुए खुद की अस्थायी झोपड़ियां बना ली हैं। दिन भर सड़कों पर भीख मांगने के बाद सभी भिखारी इन झोपड़ियों में चले जाते हैं। उन्होंने फुटपाथ पर ही खाना बनाने के लिए रसोई और नहाने के लिए खुला बाथरूम बनाया हुआ है। फुटपाथ पर स्टोव रखकर सुबह और शाम को वे खाना बनाते हैं और नगर निगम के नल से पानी भरकर सड़क पर ही नहाना शुरू कर देते हैं। हैरानी की बात है कि प्रशासन के अधिकारियों के दफ्तरों के नजदीक ही इन भिखारियों ने फुटपाथों पर अपना कब्जा जमाया हुआ है। इसके बावजूद इनको यहां से हटाया नहीं जा रहा।
बस स्टॉप पर रहने के लिए लगा लेते हैं टैंट
फिरोजपुर रोड पर बने कई बस स्टाप पर भी भिखारियों ने खुद का आशियाना तैयार किए हुए हैं। इन बस स्टॉप पर रात को भिखारी टैंट लगा लेते हैं। इसके अलावा बोरों से भरा सामान भी झोपड़ी के पास रख लेते हैं। इसमें शहर से इकट्ठा किया कचरा व अन्य सामान होता है। इकट्ठा करने के बाद इन बोरों में रखा सामान कबाड़िए को बेच देते हैं। यही नहीं इन भिखारियों के बच्चे फुटपाथ पर ही शौच कर रहे हैं लेकिन प्रशासनिक अधिकारी इस समस्या के हल के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर रहे।
हरे-भरे पार्क भी नहीं छोड़े, खराब किया घास
भिखारियों ने सड़क के नजदीक बने छोटे-छोटे पार्को को भी नहीं छोड़ा है। उन्होंने पार्क के बीच झोपड़ी बनाकर कब्जा किया हुआ है। भिखारियों ने पार्क का सारा घास भी खराब कर दिया है, क्योंकि पार्क के बीच ही उन्होंने सारा सामान और प्लंग व बिस्तरे भी वहीं पर रखे हुए हैं।
ग्रुप बनाकर बांटे हुए हैं चौक
भिखारियों ने फुटपाथ पर अस्थायी झोपड़ियां बनाने के साथ-साथ खुद के अलग से ग्रुप भी बनाए हुए हैं। सभी ग्रुपों ने अलग-अलग चौक बांटे हुए हैं। कोई भी गुट का व्यक्ति दूसरे चौक में जाकर भीख नहीं मांग सकता। हालांकि उसी गुट का सदस्य चौक के नजदीक झोपड़ी में रह सकता है। यह पूरा माफिया प्रशासन की नाक तले चल रहा है।