सर्दी से बचने को नगर निगम ने बनाए नाइट शेल्टर, फिर भी खुले आसमान तले सो रहे भिखारी
नगर निगम ने शहर में चार नाइट शेल्टर बनाए हैं। चारों शेल्टर रात को ज्यादातर खाली रहते हैं। भीख मांगने वाले सर्द रातों में भी अपना अड्डा छोड़कर नाइट शेल्टर में जाने को तैयार नहीं हैं।
लुधियाना, [राजेश भट्ट]। नगर निगम ने शहर में चार नाइट शेल्टर बनाए हैं। चारों शेल्टर रात को ज्यादातर खाली रहते हैं। भीख मांगने वाले सर्द रातों में भी अपना अड्डा छोड़कर नाइट शेल्टर में जाने को तैयार नहीं हैं। जिसकी वजह से वह कड़ाके की ठंड में भी खुले आसमान के नीचे सो रहे हैं। भीख मांगने वाले और बेघर लोग ठंड की वजह से न मरें, इसके लिए नगर निगम ने अब शहर में जहां-जहां भिखारियों के अड्डे हैं, वहां-वहां अस्थायी नाइट शेल्टर बनाने शुरू कर दिए, ताकि सर्द रातों में बेघरों को सहारा मिल सके।
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को आदेश दिए हैं कि सर्दियों में बेघर लोगों के लिए शहरों में अस्थायी नाइट शेल्टर बनाए जाएं। ताकि ठंड की वजह से किसी की जान न जाए। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पर राज्य सरकार ने नगर निगम कमिश्नर को शहर में अस्थायी नाइट शेल्टर बनवाने को आदेश दिए। नगर निगम ने शहर में 10 जगह चुनी हैं जहां पर अस्थाई शेल्टर बनाए जा रहे हैं। यह सभी 10 अस्थाई नाइट शेल्टर उन जगहों पर बनाए जा रहे हैं, जहां पर बड़ी संख्या में लोग दिन में भीख मांगते हैं और रात को फुटपाथ पर सो जाते हैं।
अड्डे पर कब्जा होने का रहता है खतरा
नगर निगम ने बेघरों के लिए शहर में चार नाइट शेल्टर स्थायी तौर पर बनाए हैं। मिलरगंज, डेयरी कांप्लेक्स हैबोवाल रोड, मोती नगर व घंटाघर के पास नाइट शेल्डर बनाए गए हैं। यह नाटइ शेल्टर भी ज्यादातर खाली होते हैं। नगर निगम कर्मी जब फुटपाथ पर सोने वालों को स्थाई नाइट शेल्टरों में जाने को कहते हैं, तो वह अपना अड्डा छोडऩे को तैयार नहीं होते। क्योंकि उन्हें खतरा होता है कि अगर वह रात को अपने अड्डे से दूर चले गए तो कोई दूसरा उनके अड्डे पर कब्जा कर लेंगे
इन जगहों पर बन रहे हैं अस्थाई ठिकाने
-जोन एक कार पार्किंग में
-सिविल अस्पताल के सामने
-मेट्रो रोड विश्वनाथ मंदिर
-शेरपुर कलां में निगम दफ्तर के पीछे
-गिल चौक के पास पार्क में
-बसंत पार्क
-बस स्टैंड के पास पुल के नीचे
-कृष्णा मंदिर के पास पार्क में
-गडवासू के पास
-सरकारी गल्र्स कॉलेज के बाहर
प्रशासन ने दस जगहों पर तैयार किए हैं शेल्टर
नगर निगम लुधियाना के एक्सईएन हरपाल सिंह का कहना है कि जिला प्रशासन से टेंट लेकर 10 जगहों पर अस्थाई नाइट शेल्टर तैयार किए जा रहे हें। बेघरों को समझाया जा रहा है कि वह रात को इन शेल्टरों में जाकर साेएं।