विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सत्ता का घमंड...,' लुधियाना में आप विधायक ने ट्रक ड्राइवर को जड़ा थप्पड़, रवनीट बिट्टू ने सुनाया

Published: Wed, 16 Sep 2026 03:06 PM (IST)Updated: Wed, 16 Sep 2026 03:34 PM (IST)

लुधियाना दक्षिण से आम आदमी पार्टी की विधायक राजिंदरपाल कौर छीना एक ट्रक चालक को थप्पड़ मारने के आरोप के बाद विवादों में घिर गई हैं।

आप विधायक ने ट्रक चालक को जड़ा थप्पड़, बिट्टू बोले-यह सत्ता का अहंकार।

आप विधायक ने ट्रक चालक को जड़ा थप्पड़, बिट्टू बोले-यह सत्ता का अहंकार।

HighLights

  1. विधायक राजिंदरपाल कौर छीना पर थप्पड़ मारने का आरोप

  2. डाबा-लोहारा रोड पर ट्रक चालक से विवाद का वीडियो वायरल

  3. विपक्षी दलों ने घटना की जांच की मांग की

जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना दक्षिण से आम आदमी पार्टी की विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ट्रक चालक को थप्पड़ मारने के आरोप के बाद विवादों में घिर गई हैं। डाबा-लोहारा रोड पर विधायक की कार को साइड न देने पर आगे चल रहे एक ट्रक को रुकवाने और चालक को नीचे उतारने का वीडियो मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

इसमें विधायक चालक से बहस करती नजर आ रही हैं। इसी दौरान उनका हाथ चालक की ओर जाता दिखाई देता है। चालक का आरोप है कि विधायक छीना ने उसे थप्पड़ मारा है। वहीं, विधायक ने दावा किया है कि उन्होंने ड्राइवर के हाथ से केवल चाबी छीनी थी। पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और लुधियाना के पूर्व सांसद रवनीत बिट्टू ने कहा कि गरीब ट्रक ड्राइवर पर हाथ उठाना सत्ता के अहंकार का सुबूत है।

वीडियो सामने आने के बाद ट्रक चालक और उसके साथियों ने ईशर नगर पुल पर धरना देकर ट्रैफिक जाम कर दिया। उन्होंने विधायक पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत नहीं दी गई। सोमवार को हुई घटना को लेकर डाबा थाना प्रभारी जतिंदर कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में से किसी ने शिकायत नहीं दी है।

मामले में ट्रैफिक बाधित करने पर ट्रक चालक का चालान काटा गया है। ट्रक चालक का कहना है कि उसे पता नहीं था कि उसके पीछे विधायक की गाड़ी आ रही है। उसका आरोप है कि विधायक ने गनमैन के साथ ट्रक रुकवाने के बाद गेट खोलकर उसे नीचे उतारा और उसके साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ मारा।

वहीं, विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने आरोप निराधार बताया और कहा कि उन्होंने चालक को थप्पड़ नहीं मारा। ट्रक चालक की ओर से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने और ट्रैफिक बाधित होने के कारण उन्होंने उसे रोका था। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

विपक्षी नेताओं ने की मामले की जांच की मांग विपक्षी दलों के नेताओं ने वीडियो को लेकर विधायक और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। लुधियाना के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के इंचार्ज ईश्वरजोत सिंह चीमा ने भी घटना की निंदा की है। दूसरी ओर, विधायक समर्थकों ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि पूरे मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।