Heroin Smuggling In Ludhiana: तिहाड़ में हुई दोस्ती, बाहर आते ही करने लगे हेरोइन तस्करी; दाेनाें गिरफ्तार
Heroin Smuggling पूछताछ में बिट्टू ने बताया कि वह प्रापर्टी डीलिंग का काम करता था। थाना माडल टाउन पुलिस ने 2016 में उसे 50 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। उसके बाद 2017 में थाना दुगरी पुलिस ने उसे 25 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा।
लुधियाना, जेएनएन। Heroin Smuggling: महज दो सप्ताह पहले जेल से छूटकर आए तस्कर को पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल टीम ने साथी समेत 25 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। दोनों तस्कर वरना कार में हेरोइन ले जा रहे थे। दोनों की तिहाड़ जेल में पहचान हुई थी, जहां से छूट कर आने के बाद वह तस्करी करने लगे। आरोपितों के खिलाफ थाना दो में केस दर्ज किया गया है।
आरोपितों की पहचान माडल टाउन के आंबेडकर नगर निवासी शिव शरणजीत सिंह उर्फ बिट्टू तथा तरनतारन के थाना वलटोहा के गांव कोटली वसावा सिंह निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा के रूप में हुई। इंस्पेक्टर राजेश शर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम एएसआइ जगतार सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर पुरानी जेल के पीछे की गई नाकाबंदी के दौरान दोनों को उस समय काबू किया, जब वह वरना कार में सवार होकर आ रहे थे। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से उक्त हेरोइन बरामद हुई।
2016 में 50 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार हुआ था बिट्टू
पूछताछ में बिट्टू ने बताया कि वह प्रापर्टी डीलिंग का काम करता था। थाना माडल टाउन पुलिस ने 2016 में उसे 50 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। उसके बाद 2017 में थाना दुगरी पुलिस ने उसे 25 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। 2018 में दिल्ली की थाना आजाद नगर पुलिस ने उसे 250 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसके चलते उसे 14 महीने तिहाड़ जेल में रहना पड़ा। करीब दो साल पहले उसकी जमानत हुई। जनवरी 2021 में एसटीएफ ने उसे माडल टाउन से 50 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। दो सप्ताह पहले ही वो जमानत पर जेल से छूट कर आया है।
गांव में खेतीबाड़ी का काम करता था सुखा
सुखा ने कहा कि वह गांव में खेतीबाड़ी का काम करता था। 2011 में दिल्ली के मेहरोली में डीआरए ने उसे 29 किलो हेरोइन सप्लाई करते पकड़ा था। वो नौ साल तिहाड़ जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आया है। राजेश शर्मा ने कहा कि दोनों आरोपित तिहाड़ जेल में ही मिले थे, जहां दोनों के बीच दोस्ती हो गई। बाहर आने के बाद दोनों बिट्टू की वरना कार में तस्करी करने लगे। पुलिस उनके नेटवर्क को खंगाल रही है।