लोग नहीं दे रहे थे किस्तें, एजेंसी मालिक ने फंदा लगा दी जान, जेब से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला। इसके आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
लुधियाना, जेएनएन। किस्तों पर लिए दोपहिया वाहनों की ग्राहकों ने भुगतान करना बंद कर दिया। इससे डिप्रेशन में आए टीवीएस एजेंसी के मालिक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की सुबह उसका शव घर के स्टोर रूम में पंखे के साथ लटका मिला। पुलिस को उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला। इसके आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान जेल रोड निवासी लखविंदर पाल सिंह (42) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी पत्नी गुरजीत कौर की शिकायत पर दोराहा निवासी गुरदीप सिंह, शमशेर सिंह, राजा सिंह और दविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। उसने बताया कि उसके पति का दोराहा में टीवीएस वाहन का शोरूम है। जिन लोगों ने शोरूम से वाहन खरीदे थे, वो किस्तें नहीं दे रहे थे। इस कारण उसका पति तनाव में रहता था। शुक्रवार सुबह वह किसी काम से बाहर गई थी। उसी बीच उसके पति ने मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित स्टोर रूम में जाकर फंदा लगा लिया। एसएचओ सतपाल ने कहा कि लखविंदर के एक बेटा और एक बेटी है। शव का शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
हैबोवाल कलां में युवक ने की खुदकुशी
हैबोवाल कलां में एक युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिवार को जब घटना का पता लगा तो उन्होंने तुरंत थाना हैबोवाल पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक का नाम चंद्र नगर हैबोवाल कलां निवासी मुकेश कुमार है। जांच अधिकारी ने बताया कि मुकेश कुछ दिनों से मानसिक तौर पर परेशान था। वह शराब पीने का आदी था। उसने वीरवार की देर रात अपने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मृतक की मां रमणी देवी के बयानों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें