पांच दिन के वर्किंग के सप्ताह की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे वकील, जानें क्या है मांगें
जिला बार संघ के सभी वकील प्रधान अशोक मित्तल व सचिव शाम आहूजा के नेतृत्व में अदालतों में पांच दिन के वर्किंग सप्ताह की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे।
संस, लुधियाना : जिला बार संघ के सभी वकील प्रधान अशोक मित्तल व सचिव शाम आहूजा के नेतृत्व में अदालतों में पांच दिन के वर्किंग सप्ताह की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे। उन्होंने अदालत में पेश न होकर अपना विरोध दर्ज कराया। लंबे समय से अदालतों में प्रत्येक शनिवार को छुट्टी की मांग को लेकर वकीलों द्वारा पहले व तीसरे शनिवार को हड़ताल की जाती है। इसी के चलते यह हड़ताल की गई। हड़ताल को प्रभावी बनाने के लिए जिला बार संघ ने अदालतों के बाहर वकीलों की ड्यूटियां भी लगाई थी जो अदालतों में जाने वाले वकीलों को हड़ताल की जानकारी देकर उन्हें कोर्ट में न जाने के लिए कहे सकें। जिला बार संघ की कार्यकारिणी ने चेताया कि वह पांच दिन के वर्किंग सप्ताह और प्रत्येक शनिवार को अदालतों में छुट्टी की मांग को लेकर की जाने वाली हड़ताल को प्रभावी बनाने के लिए कड़े कदम उठाएंगे। हड़ताल का उल्लंघन करने वाले वकीलों पर कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।
हड़ताल को प्रभावी बनाने के लिए जिला बार संघ ने पहले ही इसकी सूचना सभी अदालतों में नोटिस भेजकर दे दी थी और न्यायाधीशों को सहयोग देने के लिए आग्रह किया गया था। वहीं वकीलों की अन्य समस्याओं और हड़ताल को लेकर जिला बार संघ जनरल हाउस की बैठक प्रधान अशोक की अध्यक्षता में हुई जहां उपस्थित सभी वकीलों ने अदालतों में प्रत्येक शनिवार को छुट्टी की मांग को लेकर की जाने वाली हड़ताल का पूर्ण तौर पर समर्थन किया।