नकली शराब फैक्ट्री मामले का आरोपित निकला कोरोना पॉजिटिव, खन्ना पुलिस में हड़कंप
कोरोना महामारी से अब तक सेफ रहा खन्ना शहर भी अब इसकी चपेट में आ गया है। शुक्रवार को पॉजिटिव आए 22 मामलों में खन्ना के तीन लोग शामिल हैं।
खन्ना, [सचिन आनंद]। कोरोना महामारी से अब तक सेफ रहा खन्ना शहर भी अब इसकी चपेट में आ गया है। शुक्रवार को सेहत विभाग की तरफ से जिले के जिन 22 लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी गई थी, उनमें खन्ना के तीन लोग शामिल हैं।
इनमें एक खन्ना शहर की महिला और एक भूमद्दी गांव का कंबाइन चालक शामिल हैं। जबकि सबसे खतरनाक खुलासा तीसरे मरीज को लेकर हुआ है। खन्ना पुलिस द्वारा गक्त 25 अप्रैल को गांव बहोमाजरा में पकड़ी गई नकली शराब बनाने की फैक्ट्री मामले का एक आरोपित भी कोरोना पॉजिटिव आया है। इससे खन्ना पुलिस में हड़कंप है। कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एकांतवास में भेजा जा सकता है।
स्थानीय गौशाला रोड में कोरोना पॉजिटिव आई महिला 60 साल की है और खन्ना नगर कौंसिल में सफाई सेवक हैं। बताते हैं कि वह गठिया की मरीज हैं और ज्यादा घर पर ही रहती थी। फिलहाल उसके कोरोना संक्रमण का सोर्स नहीं पता चल पाया है। फिलहाल खन्ना पुलिस और प्रशासन ने महिला के घर के क्षेत्र को सील कर दिया है। इसी तरह गांव भूमद्दी में कोरोना पॉजिटिव आया युवक कंबाइन चालक बताया जा रहा है।
सबसे बड़ा खतरा शराब फैक्ट्री मामले में पकड़ा गया गंगा नगर (राजस्थान) का रहने वाले आरोपित का कोरोना पॉजिटिव आना है। आरोपित से खन्ना सीआईए स्टाफ में कई छोटे से बड़े पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ की थी। इस तरह से इन पुलिस अधिकारियों को भी अब पहचान कर एकांतवास पर भेजा जा सकता है। आरोपित शराब फैक्ट्री में मुनीम का काम देखता था। एसएमओ डाक्टर रजिंदर गुलाटी ने तीन मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि तीनों को खन्ना सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। खन्ना और भूमद्दी के मरीजों के परिवारों को एकांतवास पर भेजा गया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें