Accident in Ludhiana : लुधियाना में बेकाबू क्रेन की चपेट में आकर रेहड़ी चालक की मौत, ताजपुर रोड सेंट्रल जेल के पास हुआ हादसा
लुधियाना में सड़क हादसों में एक की मौत हो गई व एक युवक गंभीर घायल हो गया। पहले मामले में सेंट्रल जेल रोड पर बेकाबू क्रेन की चपेट में आकर रेहड़ी चालक की मौत हो गई। क्रेन चालक उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। सड़क हादसों में दो लोगों की माैत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। संबंधित थानों की पुलिस ने वाहन चलकों पर दो केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है। ताजपुर रोड सेंट्रल जेल में पास रेहड़ी समेत जा रहे युवक को बेकाबू हुई क्रेन ने अपनी चपेट में ले लिया। वो उसे दूर तक घसीटते हुए ले गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में युवक को सीएमसी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया।
अब थाना जमालपुर पुलिस ने जमालपुर निवासी सरबजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। एएसआइ गुरचरण सिंह ने बताया कि उक्त केस हरजाप कालोनी की गली नंबर 2 निवासी मोहन लाल की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि बुधवार रात 8.30 बजे उसका भाई गोबिंद कुमार (22) अपनी रेहड़ी लेकर गांव खासी कलां से सेंट्रल जेल की तरफ जा रहा था। उसी दौरान क्रेन ने उसे चपेट में लेकर कुचल दिया।
उधर, हंबड़ां रोड स्थित गांव बीरमी में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब थाना पीएयू पुलिस ने नकोदर के गुरु तेग बहादुर नगर के वार्ड नंबर 9 निवासी गौरव कपूर के खिलाफ केस दर्ज किया।
एसआइ गुरमीत सिंह ने बताया कि उक्त केस माेगा के गांव संघेड़ा फतेहपुर पंजतूर निवासी गुरनाम सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि बुधवार उसका भाई सतनाम सिंह (37) फिरोजपुर के गांव ठठा निवासी अपने दोस्त बेअंत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था। गांव बीरमी के पास उक्त कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें- पंजाब के बड़े पुलिस अफसर आतंकियों के निशाने पर, गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ में सनसनीखेज खुलासे