दोराहा मे 95 लोगों ने करवाई कोरोना की जांच
दोराहा की नई अनाज मंडी में सुरेंद्र कौर मेमोरियल लाइब्रेरी में मुफ्त कोरोना जांच कैंप का आयोजन किया गया।
जेएनएन, दोराहा : दोराहा की नई अनाज मंडी में शनिवार को सुरेंद्र कौर मेमोरियल लाइब्रेरी में मुफ्त कोरोना जांच कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बड़ी संख्या में पहुंच कर लोगो ने जांच करवाई। कोरोना जांच कैंप का उद्घाटन हलका विधायक लखबीर सिंह लक्खा और एसडीएम पायल मनकंवल सिंह ने किया। इस कैंप में 95 लोगों ने कोरोना की जांच करवाई। हलांकि इनकी रिपोर्ट नहीं मिली है।
विधायक ने लोगों से सामाजिक दूरी व कोविड-19 नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने लोगों को मास्क और सैनिटाइजर भी बांटे। विधायक लक्खा ने बताया कि हलका पायल में सेहत के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जागरुकता वैन रवाना की गई है जो गांव-गांव जाकर लोगों को नियमों और सेहत प्रति जागरूक करेगी।
पायल तहसील में भी लगाया जाएगा कैंप
विधायक लक्खा ने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसा ही टेस्ट कैंप पायल तहसील में लगाया जाएगा। दोराहा नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान बंत सिंह, राजवीर सिंह रूबल, हरिदर कुमार हिदा, दलजीत सिंह, डीएसपी पायल हरदीप सिंह चीमा, थाना दोराहा के इंचार्ज दविदर पाल सिंह व अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शारीरिक दूरी का नियम भूले विधायक और अधिकारी
जहां एक तरफ कांग्रेस सरकार द्वारा पंजाब को बचाने के लिए और मिशन फतेह को सफल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर दोराहा में लगे कैंप में सेहत कर्मचारी ही नियमों की परवाह न करते हुए नजर आए। दोराहा में लगे कैंप में जहां सेहत कर्मचारी लोगों की कोरोना की जांच कर रहे थे। वही इन कर्मचारियों द्वारा सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया गया और ना ही लोगों से सामाजिक दूरी का पालन कराया गया। और लोगों को सैनिटाइजर और मास्क बाटते समय विधायक लक्खा और संबंधित विभागों के अधिकारी शारीरिक दूरी बनाए रखने के नियमों का पालन करना भूल गए। इससे कोरोना को लेकर सेहत विभाग की सजगता स्पष्ट हो रही थी।
रविवार शाम तक आ सकती है रिपोर्ट : एसएमओ
एसएमओ पायल डॉक्टर हरप्रीत के अनुसार दोराहा मे लगे कैप मे 95 लोगो ने कोरोना की जांच करवाई जिनकी रिपोर्ट रविवार शाम तक आने सकी संभावना है।