कोरोना से 83 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, 29 नए मामले
जिले में कोरोना का कहर जारी है। जिले में 29 नए केस सामने आए हैं। इसके अलावा शहर के एक व्यक्ति ने दम भी तोड़ दिया है।
जासं, लुधियाना :
जिले में कोरोना पॉजिटिव रोगियों के मिलने का क्रम बदस्तूर जारी है। शनिवार को भी 29 नए केस सामने आए हैं। जबकि कोरोना संक्रमण की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि उसे कुछ दिन पहले ही एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था।
सिविल सर्जन डॉ राजेश बग्गा ने बताया कि 871 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जिनमें से 750 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि, 121 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। इसके अलावा पेंडिग 572 सैंपल में से 552 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव और 20 की पॉजिटिव पाई गई है। इनमें से 19 सैंपल लुधियाना और एक सैंपल बठिडा जिले से संबंधित हैं। इसी के साथ ही शहर में कोरोना के पॉजिटिव केसों की संख्या अब 1300 हो गई है।
27 जून को करवाया गया था भर्ती
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सीएमसी अस्पताल में कोरोना से दम तोड़ने वाले 83 वर्षीय बुजुर्ग को उसके स्वजनों ने 27 जून को दाखिल करवाया था। उक्त बुजुर्ग को गुर्दे में समस्या के साथ-साथ सांस लेने में परेशानी हो रही थी। इसके साथ ही जिले में कोविड-19 सेमरने वालों की संख्या 31 हो गई है।
निजी लैब में कोरोना टेस्ट के 2400 रुपए तय
सिविल सर्जन डॉ. राकेश बग्गा ने बताया कि प्रदेश सरकार व सेहत विभाग की ओर से जारी आदेशों में कोरोना के टेस्ट करवाने के लिए 2400 रुपए तय किए गए हैं। सिविल सर्जन के अनुसार अगर किसी को भी कोरोना वायरस की आशंका हो तो वह प्राईवेट अस्पताल में अपना चेकअप करवा सकते हैं। यही नहीं गरीब लोगों के चेकअप के लिए सिविल अस्पताल में चेकअप और इलाज फरी है।
फील्डगंज का कूचा नंबर पांच मिनी कंटेनमेंट जोन घोषित
फील्डगंज के कूचा नंबर पांच को भी सेहत विभाग ने मिनी कंटेनमेंट जोन एलान दिया गया है। यहां से एक साथ आठ कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए थे। जिसके बाद इसे मिनी कंटेनमेंट जोन एलान दिया गया है। इसके बाद इस एरिया को पुलिस ने सभी तरफ से सील कर दिया है। इससे यहां पर किराने की होलसेल की दुकानों को भी बंद करवा दिया गया है। यही नहीं यहां पर सेहत विभाग की टीमों ने भी लोगों का चेकअप करना शुरू कर दिया है।
तीन पुलिस कर्मी, आशा वर्कर समेत 29 पॉजिटिव
जिले में पॉजिटिव पाए गए मरीजों से तीन पुलिस के कर्मचारी और आशा वर्कर भी शामिल हैं। पॉजिटिव मरीजों में थाना दाखा का एएसआइ, सीआइए एक का एएसआइ और एक अन्य सिपाही पॉजिटिव पाया गया है। इसके अलावा एक हेल्थ वर्कर, आशा वर्कर और गर्भवती महिलाएं शामिल हैं।
ये लोग आए कोरोना पॉजिटिव
जिले से एक तुंगाहेरी, एक हलवारा, एक ग्यासपुरा, एक संधू कॉलोनी, एक जमालपुर, एक डेहलों रोड साहनेवाल, चार खन्ना, एक पायल, एक हरबंसपुरा, एक ढोका मोहल्ला, दो दाखा, एक महोन, एक कुलार और एक किदवई नगर के हैं। इसके अलावा 14 कोरोना पॉजिटिव केस प्राईवेट लैब से मिले हैं। जिनमें से 10 जिला लुधियाना, दो जिला जालंधर, एक जिला गुरदासपुर और एक जम्मू से संबंधित हैं। इसी तरह लुधियाना से दो थरीके, एक मॉडल टाउन, एक लोहारा, दो मुंडियां कलां, एक बस्ती जोधेवाल, दो बीआरएस नगर और एक लोहारा से हैं।