लुधियाना में हथियारों के बल पर 70 रोल लदी महिंद्रा पिकअप लूटी, कपड़ा फैक्ट्री में चार बदमाशों ने की वारदात
2.30 बजे फैक्ट्री में नकाबपोश चार बदमाश आए जिनके पास दात समेत अन्य तेजधार हथियार थे। आरोपितों ने वहां मौजूद कर्मचारियों को जान से मारने की धमकियां देते हुए एक तरफ कर दिया।
लुधियाना, जेएनएन। भामियां कलां स्थित कपड़ा फैक्ट्री में आए चार बदमाश हथियारों के बल पर महिंद्रा पिकअप गाड़ी लूट कर ले गए। गाड़ी में लाखों रुपये की कीमत का 70 रोल कपड़ा भी था। अब थाना जमालपुर पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एएसआइ सुभाष राज ने बताया कि उक्त केस भामियां रोड स्थित जीके इस्टेट निवासी संतोश कुमार यादव की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में बताया कि भामियां कलां की सीएमसी कॉलोनी में उसकी अंकुश प्रोसेसर के नाम से फैक्ट्री है। जो दिन-रात चलती है। जिसके चलते उसके गेट खुले रहते हैं। नाै सितंबर की सुबह पांच बजे उसका कर्मचारी अजय कुमार उसके घर आया।
उसने बताया कि 2.30 बजे फैक्ट्री में नकाबपोश चार बदमाश आए जिनके पास दात समेत अन्य तेजधार हथियार थे। आरोपितों ने वहां मौजूद कर्मचारियों को जान से मारने की धमकियां देते हुए एक तरफ कर दिया। उसके बाद वो वहां खड़ी महिंद्रा पिकअप नंबर पीबी32एच-7062 लूट कर ले गए। उसमें कोटन फलीस नाम का 70 रोल कपड़ा लदा हुआ था। सुभाष राज ने कहा कि आरोपितों का सुराग लगाने के लिए विभिन्न एंगल से छानबीन की जा रही है। जल्दी ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।