NRI Purse Stolen: लुधियाना में धार्मिक स्थल पर माथा टेकने आई NRI महिला के पर्स से उड़ाई लाखों की नगदी
NRI Purse Stolen शहर में चाेरी व लूटपाट के साथ ही झीनाझपटी की वारदातें बढ़ गई हैं। कूमकलां के गांव कोट गंगू राय स्थित धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के लिए आई एनआरआइ महिला का पर्स जेबकतरों ने साफ कर दिया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। NRI Purse Stolen: कूमकलां के गांव कोट गंगू राय स्थित धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के लिए आई एनआरआइ महिला का पर्स जेबकतरों ने साफ कर दिया। आरोपित उसमें पड़ी 40 हजार की नगदी, 250 कैनेडियन डालर, सोने की चार तथा डायमंड की एक अंगूठी चोरी करके ले गए। अब थाना कूमकलां पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
एएसआइ सुखदेव सिंह ने बताया कि उक्त केस खन्ना के अमलोह रोड स्थित कृष्णा नगर निवासी रुपिंदरजीत बसी की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि वो कनाडा निवासी है। सोमवार काे वह अपने परिवार के साथ गांव कोट गंगू राय स्थित बाबा नागभाग की जगह पर माथा टेकने के लिए आई थी। जब वो माथा टेकने के बाद बाहर निकली तो देखा कि उसके पर्स की जिप खुली हुई थी।
चेक करने पर पता चला कि उसमें रखी नगदी और जेवर चोरी हो चुके थे। इसके बाद उसने पुलिस को मामले की सूचना दी। सुखदेव सिंह ने कहा कि धार्मिक स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। मगर उसे आपरेट करने वाले युवक की विगत दिनों मौत हो गई थी। इसलिए उसकी फुटेज के लिए टेक्निकल एक्सपर्ट को बुलाया है।
यह भी पढ़ें-हमला कर मोबाइल लूटे, एक गिरफ्तार दूजा फरार
चंडीगढ रोड स्थित पावर हाउस इलाके में पुरानी रंजिश के चलते हथियारों से लैस हुए दो लोगों ने चाचा भतीजों पर हमला कर दिया। दात से हमला करके वो उनके दो मोबाइल लूट कर फरार हो गए। तफ्तीश के दौरान थाना जमालपुर पुलिस ने उनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरे की तलाश में छापामारी की जा रही है।
एएसआई हरजिंदर सिंह ने बताया कि उसकी पहचान शिमलापुरी के बागी स्टैंड निवासी अनिकेत कुमार के रूप में हुई। फरार हुआ आरोपित सुभाष नगर निवासी लक्की है।
पुलिस ने मुंडियां कलां के गुरु नानक नगर निवासी सुमन कुमार सिंह की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि रविवार को वो और उसके भतीजे विशेष कुमार तथा कृष्ण कुमार अपने अपने मोटरसाइकिलों पर न्यू माधो पुरी से अपने घरों को लौट रहे थे। दोपहर बाद 3 बजे तब वो लोग बीबीएमबी पावर हाउस के पास पहुंचे। उसी समय आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया।