जाली हस्ताक्षर कर तलाक के दस्तावेज बनाए, पति सहित दो नामजद
नेटरी पब्लिक के स्टांप पेपरों का दुरुपयोग करने और उस पर जाली दस्तखत कर तलाक का पंचायती इकरारनामा तैयार करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
संस, जगराओं : नेटरी पब्लिक के स्टांप पेपरों का दुरुपयोग करने और उस पर जाली दस्तखत कर तलाक का पंचायती इकरारनामा तैयार करने के आरोप में थाना जोधा में रविंदर सिंह (निवासी साहाबाना, जमालपुर, लुधियाना) और रितु शर्मा (निवासी ताजपुर रोड, जग्गा कॉलोनी, भामियां खुर्द लुधियाना) के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना जोधा से एएसआइ बलजिदर कुमार ने बताया कि मनप्रीत कौर (निवासी गांव गुज्जरवाल) ने आरोप लगाया कि उसकी शादी आरोपित रविंदर सिंह के साथ दिसंबर 2017 में हुई थी। उनकी एक नौ साल की बेटी है। उसके पति के संबंध रितु शर्मा के साथ हैं। जिसके कारण उसका पति उससे जबरदस्ती तलाक लेना चाहता है। उसके पति ने मार्च 2020 को उससे मारपीट की और वह थाना जमालपुर पुलिस की सहायता से अपने ससुराल घर से मायके गुज्जरवाल आ गई। उसके बाद रविंदर सिंह ने उसके मायके घर आकर फिर उसे पीटा। इस मामले में जून 2020 को थाना जोधा में केस दर्ज है।
मनप्रीत कौर के अनुसार उसके पति रविंदर सिंह ने लुधियाना अदालत में भी उस पर तलाक का केस लगाया था जो कि अदालत द्वारा सितंबर 2019 को खारिज कर दिया गया था। इसके अलावा उसके पति ने जुलाई 2020 को नोटरी पब्लिक राजेंद्र सिंह के स्टांप पेपरों पर उसके जाली दस्तखत करके इकरारनामा बाबत पंचायती तलाकनामा तैयार कर लिया। मनप्रीत कौर की शिकायत की पड़ताल के बाद उसके पति रविंदर सिंह और साथी महिला रितु शर्मा के खिलाफ थाना जोधा में केस दर्ज किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।