महिला कांस्टेबल ने की खुदकुशी, घरेलू विवाद के कारण तनाव में चल रही थी
कमलजीत की शादी 2013 में रघुवीर सिंह नामक युवक से हुई थी। उसके कुछ समय बाद से ही घरेलू विवाद शुरू हो गया था।
लुधियाना, जेएनएन। पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में रह रही एक महिला कांस्टेबल ने सोमवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया था जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एसएचओ जरनैल सिंह ने बताया कि मृत कांस्टेबल की पहचान डेहलों के गांव खटड़ा चोहराम निवासी कमलजीत कौर (29) के रूप में हुई। कमलजीत ट्रैफिक पुलिस में तैनात थी। वो 2011 में पुलिस में भर्ती हुई थी। जानकारी के अनुसार कमलजीत की शादी 2013 में रघुवीर सिंह नामक युवक से हुई थी। उसके कुछ समय बाद से ही घरेलू विवाद शुरू हो गया था। जिस कारण उनका 7 वर्षीय बेटा कमलजीत के माता-पिता के पास और 5 वर्षीय बेटी एक केयरटेकर के पास रहती है। सोमवार की शाम उसने अपने क्वार्टर में संदिग्ध परिस्थितियों में कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। जानकारी के अनुसार जब महिला की हालत बिगड़ने लगी तो उसने तुरंत अपनी बेटी की केयरटेकर को फोन भी किया। जिसके बाद अन्य पुलिस मुलाजिमों की सहायता से उसे इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल दाखिल करवाया गया, जहां देर रात उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
कमलजीत के पिता सिकंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि उसकी बेटी का घरेलू विवाद चल रहा था। जिसके कारण वह अक्सर परेशान रहती थी। फिलहाल पुलिस ने मामले में 174 के तहत कार्रवाई करके जांच शुरू कर दी है।